scriptखंडवा शहर लगातार दूसरे दिन बंद | Khandwa city closed | Patrika News

खंडवा शहर लगातार दूसरे दिन बंद

locationखंडवाPublished: Sep 11, 2018 02:53:28 pm

अशोक पालीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में उतरे समर्थक
 

Khandwa city closed

Khandwa city closed

खंडवा. मोघट थाना क्षेत्र के बलवा मामले में न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी होने पर सोमवार रात पुलिस ने महादेवगढ़ संरक्षक अशोक पालीवाल को उठा लिया। पालीवाल के गिरफ्तार होने की खबर फैलते ही कोतवाली थाने में युवाओं की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार रात करीब ९.३० बजे मोघट टीआई मोहन सिंह सिंगोरे दल-बल के साथ पड़ावा क्षेत्र स्थित आशोक पालीवाल के घर पहुंचे। यहां पुलिस पालीवाल को गिरफ्तार कर कोतवाली थाने लेकर पहुंची। उनकी गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को खंडवा बंद रहा। गिरफ्तारी के विरोध में उनके समर्थकों ने घंटाघर चौराहे से लेकर विरोध रैली निकाली। सोमवार देररात कार्रवाई के दौरान एसपी रूचिवर्धन मिश्र थाने पहुंची। जहां उन्होंने परिसर में खड़े युवाओं से चर्चा की। साथ ही उन्हें बताया न्यायालय से वारंट जारी होने के आधार पर पालीवाल को गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।
निकाली विरोध रैली
गिरफ्तारी के विरोध में उनके समर्थकों सोमवार रात को खंडवा शहर बंद करने का ऐलान कर दिया था। विरोध के कारण सुबह से दुकानें बंद रही। हालंाकि एसपी के स्पष्ट निर्देश थे जो भी बलपूर्वक दुकान बंद कराएंगा तो उसे तत्काल गिरफ्तार किया जाए। समर्थक दोपहर १२.३० बजे घंटाघर चौराहे पर एकत्र हुए और नारे लगाते हुए बांबे बाजार होते हुए एसपी आफिस तक पहुंचे। समर्थक भारत माता जी जय और हर हर महादेव के नारे लगाते हुए जा रहे थे। सुरक्षा को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात था।
२०१३ के बलवा मामले में कोर्ट में नहीं हो रहे थे पेश
डीएसपी शिवेंदु जोशी ने बताया वर्ष २०१३ के बलवा मामले में आशोक पालीवाल के खिलाफ मोघट थाने में प्रकरण दर्ज हुआ था। इस प्रकरण में वह न्यायालय में पेश नहीं हो रहे थे। महादेवगढ़ संरक्षक अशोक पालीवाल को प्रशासन द्वारा गिरफ्तार करने के विरोध में मंगलवार को हिन्दू जागरण मंच के आव्हान पर शहर बंद रखा जाएगा।
एक हफ्ते में तीसरी बार शहर बंद
छह सितंबर को एट्रोसिटी एक्ट को लेकर सपाक्स ने बंद किया था। इसके बाद १० सितंबर को कांग्रेस ने देश में बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर बंद किया था। और लगातार दूसरे दिन ११ सितंबर को अशोक पालीवाल की गिरफ्तारी को लेकर शहर बंद रहा। एक हफ्ते में तीसरी बार बंद से शहरवासियों ने कहा कि बंद का यह तरीका ठीक नहीं है। त्योहार को लेकर बाजार में खरीदार आने को बैठे है, लेकिन बंद से पूरा कारोबार प्रभावित हो रहा है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो