आर्गेनिक धूपबत्ती बेचेगा नगर निगम
- निगमायुक्त ने की नवाचार की शुरूआत
खंडवा
Published: February 17, 2022 09:01:35 pm
खंडवा. स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग लाने के लिए किए जा रहे नवाचार की श्रेणी में नगर निगम ने आर्गेनिक धूपबत्ती का विक्रय शुरू किया है। आयुक्त नगर निगम सविता प्रधान ने शहर के विभिन्न मंदिरों से एकत्र किए जाने वाले पुष्प, गाय के गोबर, दूध, घी सहित अन्य सामग्री से निर्मित धूपबत्ती को विक्रय करने की अनुमति दी है। यह धूपबत्ती निगमकर्मी नेमीचंद बोयत और भृत्य ज्योति तायड़े द्वारा हस्तनिर्मित आर्गेनिक धूपबत्ती है। निगम के रामेश्वर आम्रकुंज स्थित 6 नंबर जोन कार्यालय में इस धूपबत्ती को बनाने के लिए कई लोगों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। निगमायुक्त सविता प्रधान ने बताया कि पर्यावरण की दृष्टि से आर्गेनिक धूपबत्ती बनाने का नवाचार निगम कर्मियों ने किया है। नगर निगम इस धूपबत्ती को न्यूनतम दाम में विक्रय कर शहर वासियों को पर्यावरण के संरक्षण का संदेश देने की पहल कर रहा है। नगर निगम संत रैदास वार्ड स्थित टचिंग ग्राउंड पर सलज फीकल से निर्मित ऑर्गेनिक सोन खाद भी बनाकर उसे खेती और उद्यानों के लिए न्यूनतम दरों पर उपलब्ध करा रहा है। पॉलिथीन के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए नगर निगम कपड़े के थैलों और झोलों को भी कम शुल्क में देने का काम शुरू करेगा। जिससे लोग प्लास्टिक के इस्तेमाल के बजाय कपड़े के थैलों का उपयोग करें। धूपबत्ती को विक्रय करने की शुरुआत के कार्यक्रम के अवसर पर प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी मनीष पंजाबी व जोन प्रभारी भुवन समेत नगर निगम के कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। निगमायुक्त ने आर्गेनिक धूपबत्ती के प्रचार प्रसार और उपयोग को बढ़ावा देने के लिए निगम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

Municipal Corporation will sell organic incense sticks
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
