scriptNational Kishore Kumar Alankaran Samman Open for All | राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण सम्मान ओपन फार ऑल | Patrika News

राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण सम्मान ओपन फार ऑल

locationखंडवाPublished: Oct 12, 2022 12:44:38 pm

-खंडवावाले किशोर दा के सम्मान को देख सकेंगे सभी प्रशंसक
-किशोर सभागृह में आयोजित कार्यक्रम का बदला स्थान, पुरानी मंडी में होगा आयोजन
-सीमित स्थान को लेकर प्रशंसकों में थी निराशा, उठ रहे थे विरोध के स्वर

राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण सम्मान ओपन फार ऑल
खंडवा. किशोर समाधि पर व्यवस्थाओं को लेकर निरीक्षण करतीं महापौर, साथ में निगम अध्यक्ष व निगम अधिकारी।
खंडवा.
राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण समारोह कार्यक्रम का मप्र संस्कृति विभाग को विरोध के बाद स्थान बदलना पड़ा है। अब खंडवावाले किशोर दा के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में खंडवा सहित देशभर के प्रशंसक शामिल हो पाएंगे। किशोर सभागृह सिविल लाइन में आयोजित कार्यक्रम को अब पुरानी अनाज मंडी में किया जाएगा। मंगलवार को यहां प्रशासन सहित किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच पदाधिकारियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर निरीक्षण कर तैयारी शुरू की।
किशोर दा की पुण्यतिथि पर हर वर्ष 13 अक्टूबर को राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण समारोह का आयोजन मप्र संस्कृति विभाग द्वारा किया जाता है। तीन साल से ये कार्यक्रम विभिन्न कारणों से निरस्त होने के बाद इस साल इसकी घोषणा हुई थी। अलंकरण समारोह में पटकथाक लेखक अशोक मिश्रा, गीतकार अभिताभ भट्टाचार्य और निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री का सम्मान किया जाएगा। सांस्कृतिक विभाग द्वारा आयोजन का स्थान सिविल लाइन स्थित किशोर सभागृह रखा गया था। जिसकी बैठक क्षमता महज 550 सीट की है। पूर्व में खुले स्थानों पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को बंद सभागृह में करने से किशोर प्रशंसकों में भारी निराशा और आक्रोश था।
संस्कृति मंत्री ने दी मंजूरी, अधिकृत घोषणा बाकी
किशोर सम्मान को खुले स्थान पर आयोजन करने के लिए किशोर सांस्कृतिक मंच, सद्भावना मंच सहित कई संगठनों ने मांग उठाई थी। वन मंत्री विजय शाह, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक देवेंद्र वर्मा, महापौर अमृता अमर यादव ने कलेक्टर अनूप कुमार सिंह व कार्यक्रम नोडल अधिकारी नंदा भलावे कुशरे से जगह बदलने का आग्रह किया था। संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर को भी मांग पत्र भेजा गया था। संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर द्वारा इसकी मौखिक स्वीकृति देकर आयोजन का स्थान बदलने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि इसकी अधिकृत घोषणा बाकी है।
देबोजीत साहा देंगे गीत-संगीत की प्रस्तुति
पिछले तीन वर्षों के लिए एक साथ किशोर सम्मान समारोह का आयोजन अब पुरानी अनाज मंडी में होगा। इसके लिए मंगलवार शाम को प्रशासन की ओर से मौखिक स्वीकृति मिलते ही किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच पदाधिकारी और तहसीलदार ने मंडी पहुंच तैयारियां शुरू कराई। 13 अक्टूबर को यहां सम्मान समारोह में इंडियन आयडल फेम देबोजीत साहा के गीत-संगीत की प्रस्तुति के बीच तीनों हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। यहां 500 वीआइपी के साथ पांच हजार से ज्यादा दर्शक-श्रोता कार्यक्रम का आनंद ले पाएंगे।
समाधि पर लगेगा दूध-जलेबी का भोग
किशोर दा की पुण्यतिथि पर नगर निगम और प्रेरणा मंच द्वारा 13 अक्टूबर सुबह किशोर समाधि पर गीतों भरी श्रद्धांजलि दी जाएगी। यहां सुबह किशोर प्रशंसकों द्वारा समाधि पर दूध-जलेबी का भोग भी लगाया जाएगा। कार्यक्रम की व्यवस्था के लिए मंगलवार को महापौर अमृता अमर यादव ने समाधि स्थल और किशोर स्मारक का निरीक्षण किया। महापौर अमृता यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया एवं अच्छी साउंड व्यवस्था के भी निर्देश दिए। इस दौरान निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा, सुनील जैन, उपायुक्त जाकिर जाफरी, एचआर पांडे, संजय शुक्ला, रामचरण खरे, शाहिन खान, भूपेंद्र सिंह बिसेन, मनीष पंजाबी, धीरज दवे, जाकिर खान, इंदर मंडलोई सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी, उपस्थित थे।



Copyright © 2021 Patrika Group. All Rights Reserved.