scriptबजट की एक तिहाई राशि फिर खर्च होगी पानी पर | One third of the budget will be spent on water again | Patrika News

बजट की एक तिहाई राशि फिर खर्च होगी पानी पर

locationखंडवाPublished: Apr 08, 2022 12:37:05 pm

-निगम ने पेश किया 1.64 लाख रुपए के लाभ का बजट-वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट प्रशासक ने किया स्वीकृति-नहीं लगाया कोई नया कर, विभिन्न मदों से होगी 2.73 अरब की आय

बजट की एक तिहाई राशि फिर खर्च होगी पानी पर

खंडवा. नगर पालिका निगम खंडवा।

खंडवा.
नगर निगम खंडवा द्वारा वित्तीय वर्ष 2022-23 का आय-व्यय पत्रक (बजट) पेश किया है। जिसे नगर निगम प्रशासक, कलेक्टर अनूप कुमार सिंह ने स्वीकृत किया है। नगर निगम ने अपने बजट में कोई नया कर अधिरोपित नहीं किया है। बजट में में कुल 2 अरब 73 करोड़ 17 लाख 40 हजार रुपए कि आय प्रावघानित है। वहीं 2 अरब 73 करोड़ 15 लाख 50 हजार रुपए कि व्यय प्रावघानित है। यह बजट 1.64 लाख रुपए की आय (लाभ) का बजट है। बजट में सबसे ज्यादा खर्च का प्रावधान पेयजल व्यवस्था पर रखा गया है।
ये रहेगी निगम की आय
उपायुक्त वित्त एवं लेखा सचिन कुमार सिटोले ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 के स्वीकृत नए बजट में निगम के विभिन्न करों से 1 अरब 15 करोड़ 36 लाख 64 हजार रुपए, अन्य पोषक संस्थाओं से 1 करोड़ 93 लाख रुपए, 15वें वित्त आयोग से 16 करोड़ रुपए, सांसद निधि से 38 लाख 50 हजार रुपए, भारत सरकार से प्राप्त अनुदान मद से 15 करोड़ 36 लाख 64 हजार रुपए, 4 करोड़ 25 लाख रुपए, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन से अनुदान मद में 1 करोड़ 90 लाख रुपए, विधायक निधि से 36 लाख रुपए, मप्र शासन से अनुदान 35 करोड़ 23 लाख रुपए और जनभागीदारी मध्य से 7 करोड़ 75 लाख रुपए की आय संभावित है।
इन मदों पर निगम करेगा व्यय
उपायुक्त सिटोले ने बताया कि बजट में सड़क निर्माण के लिए 6 करोड़ 24 लाखों रुपए, अमृत मिशन के तहत पेयजल व्यवस्था के लिए 87 करोड़ रुपए, इसी के तहत उद्यानों के उन्नयन के लिए 25 लाख रुपए, सीमेंट कांक्रीट रोड के कायाकल्प के लिए 50 लाख रुपए, डब्ल्यूबीएम रोड निर्माण 50 लाख रुपए, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था के संधारण के लिए 65 लाख रुपए, पेयजल परिवहन के लिए 1 करोड़ 50 लाख रुपए, एसडीआरएफ योजना के तहत नालों के निर्माण के लिए 19 लाख 77 हजार रुपए के व्यय का प्रावधान किया गया है।
एक तिहाई बजट पानी पर खर्च
नए वित्तीय वर्ष में नगर निगम का एक तिहाई बजट पेयजल व्यवस्था पर खर्च होना है। नगर निगम अधिकारियों, कर्मचारियों के वेतन व भत्तों पर करीब 20 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस वित्तीय वर्ष में सबसे ज्यादा खर्च एक बार फिर पेयजल व्यवस्था पर किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि सवा अरब की नर्मदा जल योजना, 9 करोड़ की सुक्ता पाइप लाइन होने के बाद अब अमृत योजना के तहत नर्मदा जल पाइप लाइन पर 87 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। वहीं, पेयजल वितरण पर भी डेढ़ करोड़ रुपए निगम इस साल खर्च करेगा।



loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो