scriptलक्ष्य पूर्ति के लिए बारिश में भी की वसूली, काटे विद्युत कनेक्शन | Recovery in rain, cut power connection to meet the target | Patrika News

लक्ष्य पूर्ति के लिए बारिश में भी की वसूली, काटे विद्युत कनेक्शन

locationखंडवाPublished: Aug 13, 2020 09:47:43 pm

-विविकं का वसूली अभियान जारी, 4 सौं उपभोक्ताओं से वसूले 8.35 लाख -निगम को दिए नोटिस की भी मियाद पूरी, निगम ने मांगा 7 दिन का समय

लक्ष्य पूर्ति के लिए बारिश में भी की वसूली, काटे विद्युत कनेक्शन

-विविकं का वसूली अभियान जारी, 4 सौं उपभोक्ताओं से वसूले 8.35 लाख -निगम को दिए नोटिस की भी मियाद पूरी, निगम ने मांगा 7 दिन का समय

खंडवा.
संभागीय कार्यालय इंदौर से मिले 12 करोड़ के लक्ष्य की पूर्ति के लिए विद्युत वितरण कंपनी अधिकारी, कर्मचारी बरसते पानी में भी कार्रवाई करते रहे। गुरुवार को बकाया बिल वसूली अभियान को लेकर विविकं कर्मचारियों ने डोर-टू-डोर वसूली के साथ कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी की। वहीं, विविकं के सबसे बड़े बकायादार नगर निगम को दिए नोटिस की भी मियाद बुधवार को पूरी हुई। निगम अधिकारियों ने बिल भरने के लिए विविकं से सात दिन का समय मांगा है।
लंबे समय बाद विविकं को राजस्व वसूली का कठिन लक्ष्य मिला है। लॉक डाउन के चलते बिल नहीं जमा होने से बकाया राशि 12.14 करोड़ तक पहुंच गई है। जिसके कारण राजस्व वसूली के लिए विविकं की 13 टीमें लगातार वसूली अभियान में जुटी है। विविकं एई राहुल राय ने बताया कि गुरुवार को डोर-टू-डोर वसूली अभियान के तहत विविकं ने 406 उपभोक्ताओं से 8.35 लाख रुपए की वसूली की। डोर-टू-डोर अभियान में बिल भरने वाले उभोक्ताओं को मोबाइल पर ही रसीद दी गई। इसके साथ ही 5 हजार से अधिक बकाया वाले 78 विद्युत कनेक्शन भी काटे गए। 5 अगस्त से आरंभ वसूली अभियान के तहत विविकं अब तक 1.55 करोड़ की वसूली ही कर पाई है। अभी भी कंपनी को साढ़े 10 करोड़ रुपए की वसूली करना है।
विद्युत कंपनी ने बकाया बिलों को लेकर सबसे बड़े बकायादार नगर निगम को दो नोटिस भी जारी किए है। विविकं को नगर निगम से एलटी लाइन के 1.5 करोड़ और चारखेड़ा फिल्टर प्लांट की एचटी लाइन के 3.5 करोड़ लेना बाकी है। जिसके लिए कंपनी ने निगम को नोटिस जारी किया था। गुरुवार को नोटिस में दिया समय पूरा हो गया। इस मामले में नगर निगम के अधिकारियों ने विविकं के उच्च अधिकारियों से चर्चा कर सात दिन का समय बिल भरने के लिए मांगा है। विविकं डीई नितिन चौहान ने बताया कि अधिकारियों के निर्देशानुसार सात दिन में बकाया राशि जमा नहीं होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

ट्रेंडिंग वीडियो