खंडवा

तीन दोस्तों ने मिलकर कर दी युवक की हत्या

मंगेतर को परेशान करने की बात पर हुआ था विवाद, मुख्य आरोपी सहित तीन गिरफ्तार

खंडवाNov 24, 2020 / 06:43 pm

tarunendra chauhan

murder

खंडवा. ग्राम लंगोटी में रविवार शाम चाकुओं से गोदकर की गई युवक की हत्या के आरोपियों को खालवा पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मुख्य आरोपी दिनेश की मंगेतर को मृतक परेशान करता था। इसी को लेकर विवाद हुआ और हत्या कर दी। हत्या में उपयोग किया गया चाकू भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

मुख्य आरोपी दिनेश पिता गोपाल कोरकू (21) और जितेन्द्र पिता मनीराम (20), श्याम पिता राजाराम कोरकू (23) तीनों निवासी बागड़ा बट्टू को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल लिया है। मुख्य आरोपी दिनेश ने बताया लंगोटी निवासी युवती से हाल ही में सगाई हुई थी। मृतक अशोक पिता चुन्नीलाल (25) निवासी लंगोटी रविवार शाम मंगेतर के घर पर था। इसी दौरान मंगेतर ने मृतक के फोन से दिनेश को फोन लगाया और बताया कि मृतक उसे परेशान और छेड़छाड़ करता है। इसी बात को लेकर दिनेश और मृतक अशोक की फोन पर कहासुनी हुई। बात इतनी बढ़ी की आरोपी दिनेश अपने दो साथियों के साथ लंगोटी पहुंच गया और अशोक को घर से बुलाया। गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने अशोक पर चाकुओं से हमला किया। आरोपियों ने मृतक के पेट पर तब तक चाकू मारे जब तक अतडिय़ां बाहर नहीं निकल आई। घटना में अशोक की मौके पर मौत हो गई थी।

घटनाक्रम की खबर मिलते ही खालवा और रोशनी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जानकारी ली। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना की गई। आरोपी वारदात को अंजाम देकर अपने ग्राम पहुंचे। फरार होने ही वाले थे कि तभी पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। यहां बता दें घटनाक्रम के बाद वारदात के पीछे बहन से छेड़छाड़ वाली कहानी सामने आई थी। क्योंकि मृतक ग्राम में आरोपी की मंगेतर के घर के सामने रहता था।

Home / Khandwa / तीन दोस्तों ने मिलकर कर दी युवक की हत्या

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.