scriptटक्कर में नर्मदा पुल से 30 फीट नीचे गिरा ट्रैक्टर, रेलिंग पर लटका ट्रक, पत्थरों पर गिरने से दो की मौत | Tractor fell 30 feet from Narmada Bridge in truck collision,two killed | Patrika News

टक्कर में नर्मदा पुल से 30 फीट नीचे गिरा ट्रैक्टर, रेलिंग पर लटका ट्रक, पत्थरों पर गिरने से दो की मौत

locationखंडवाPublished: Jan 17, 2021 09:29:51 pm

इंदौर-इच्छापुर हाइवे स्थित मोरटक्का पुल पर हुआ हादसा, चपेट में आया बाइक सवार भी पुल से नीचे गिरा, मौत

खंडवा. इंदौर-इच्छापुर हाइवे स्थित मोरटक्का नर्मदा पुल पर शनिवार शाम करीब 7.30 बजे ट्रक और ट्रैक्टर में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर ट्रॉली सहित पुल की रेलिंग तोड़ता हुआ करीब 40 फीट नीचे नदी में जा गिरा। वहीं ट्रक पुल की रेलिंग पर लटक गया। इतना ही नहीं दुर्घटना के दौरान वाहनों की चपेट में आया बाइक सवार भी पुल से नीचे गिर गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक की पत्थरों पर गिरने से मौके पर मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार कद्दू से भरा ट्रक (आरजे 11 जीए 8315) खंडवा से इंदौर की ओर जा रहा था। तभी ग्राम पड़ाली से गोबर खाद लेकर ट्रैक्टर (एमपी 10 ए 9894) सनावद की ओर आ रहा था। इसी दौरान ट्रक और ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ा और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सूखी नदी में जा गिरा। घटना में ट्रैक्टर चालक पड़ाली निवासी राधेश्याम पिता बाबूलाल गुर्जर (40) की मौत हो गई है। वहीं ट्रैक्टर में सवार तीन मजदूर घायल हुए हैं। इसी दौरान हादसे की चपेट में बाइक (एमपी 10 एनए 3835) पर सवार मोरघड़ी निवासी लखन पिता तुलसीराम खांडे (25) आ गया। वह बाइक सहित पुल से नीचे गिरा। इससे उसे गंभीर चोट आईं। प्राथमिक उपचार के बाद लखन को इंदौर रेफर किया गया है। इंदौर जाते समय रास्ते में लखन ने दम तोड़ दिया। घटनाक्रम की खबर मिलते ही बड़वाह और मोरटक्का पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं घटना के बाद से ट्रक चालक और परिचालक फरार है।
क्रेन से ट्रक को निकाला, ट्रैक्टर के परखच्चे उड़े
दुर्घटना में पुल से नीचे पत्थरों पर गिरने से ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि जिस स्थान पर ट्रैक्टर गिरा है वहां पानी नहीं था। घटना की खबर पर पुलिस ने मौक पर पहुंचकर घायल तीन मजदूरों को सिविल अस्पताल बड़वाह में भर्ती कराया। वहीं पुल पर लटक रहे ट्रक को निकालने के लिए क्रेन बुलाई गई। रात करीब 8.30 बजे ट्रक को निकलने की मशक्कत शुरू की गई। इस दौरान हाइवे पर पुल के दोनों ओर जाम लगा। करीब एक-एक किमी लंबी वाहनों की कतार लगी।
शाम को मिला था खाद भरने का आर्डर
पड़ाली के धारा नायक ने बताया घटना में मृतक राधेश्याम पेंटर था। उसका एक बेटा है। स्वयं के ट्रैक्टर से भाड़े का सामान उठाता था। शनिवार को उसे पड़ाली से पुनासा तक खाद डालने का काम मिला। इसी खाद को लेकर वह पुनासा जा रहा था। तभी हादसे का शिकार हो गया। उधर, दुर्घटना में घायल लखन कपड़ा दुकान पर काम करता था। शाम को दुकान बंद होने पर बाइक से घर जा रहा था। तभी वाहनों की टक्कर की चपेट में आ गया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो