Weather Alert... जानिए कब आएगा मानसून आपके शहर में
नौपता के बाद तप रहा निमाड़, 15 जून से मानसून सक्रिय होने की संभावना
11-12 जून को धूल भरी आंधी के साथ हो सकती है हल्की, तेज बारिश
-गर्मी के चलते मौसमी बीमारियों का भी प्रकोप बढ़ा, बच्चों पर ज्यादा असर
खंडवा
Published: June 09, 2022 12:38:07 pm
खंडवा.
नौतपा खत्म होने के बाद भी निमाड़ भट्टी की तरह तप रहा है। प्री-मानसून की दस्तक भी नहीं हुई है, जिसके चलते गर्म लू के थपेड़ों से आम जीवन अस्त व्यस्त हो रहा है। तापमान भी 40 डिग्री से नीचे नहीं हो रहा है। किसान भी मानसून की राह देख रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ का कहना है कि आगामी दो तीन दिन में प्री-मानसून की बारिश हो सकती है। 15 जून के बाद जिले में मानसून सक्रिय हो सकता है।
नौतपा को खत्म हुए पांच दिन हो चुके है। इसके बाद भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। बुधवार को भी तापमान 41 डिग्री से अधिक रहा। नौतपा के खत्म होने से पहले 2 जून को एक बार बारिश हुई थी, लेकिन इसके बाद लगातार तापमान में बढ़ोत्तरी के साथ गर्म हवाएं भी चलती रही। केवीके के कृषि व मौसम वैज्ञानिक सौरभ गुप्ता ने इन दिनों उत्तर-पश्चिमी हवा चल रही है, जिसके चलते हवा में गर्मी है। 10 जून को प्री-मानसून की बारिश होने क संभावना है। आगामी 11-12 जून को 40-50 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है और हल्की तेज बारिश हो सकती है। इसके बाद दक्षिण-पश्चिमी हवा चलने से मौसम में ठंडक भी आएगी। 17 जून से निमाड़ में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा।
बच्चों पर दिख रहा मौसम का असर
गर्मी का सीजन खत्म होने की कगार पर है, इसके बाद भी मौसमी बीमारियों का कहर छाया हुआ है। जिला अस्पताल में आने वाले एक तिहाई मरीज गर्मी के चलते होने वाली मौसमी बीमारियों से ग्रसित है। जिसमें लू, डायरिया, पेट दर्द, दस्त सहित पीलिया और डायरिया के भी मरीज शामिल है। सामान्य वार्ड में भर्ती मरीजों में भी इन बीमारियों के मरीजों की संख्या ज्यादा है। विशेषज्ञ डॉक्टर्स का कहना है कि गर्मी में शरीर के तापमान का विशेष ध्यान रखा जाए।
पिछले एक सप्ताह का तापमान
तारीख -न्यूनतम -अधिकतम
2 जून -26.0 -41.5
3 जून -25.0 -42.5
4 जून -28.0 -41.5
5 जून -28.4 -43.5
6 जून -28.0 -44.1
7 जून -27.0 -43.1
8 जून -27.4 -41.1
नोट- तापमान डिग्री सेल्सीयस में।

खंडवा. मौसम का पूर्वानुमान।
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
