क्या केक की मिठास से कम होगी दिलों की दूरियां
दूरियों के चर्चे आम हुए तो एक जाजम पर आए सांसद-विधायक
-विधायक ने जन्मदिन पर सांसद के साथ मिलकर काटा केक
-युवाओं ने किया रक्तदान, बुजुर्गों को कराया भोजन
खंडवा
Published: April 11, 2022 01:15:18 pm
खंडवा.
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और खंडवा विधायक देवेंद्र वर्मा के बीच बढ़ती दूरियों के चर्चे आम होने लगे थे। शहर में लगातार बढ़ती सांसद की सक्रियता के बाद विधायक को भी जमीन तलाशने सड़क पर उतरना पड़ा था। सांसद के नगर भ्रमण कार्यक्रम में शहर में होने के बाद भी विधायक वर्मा उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद विधायक ने भी शहर भ्रमण कर अपनी सक्रियता का सबूत पेश करने की कोशिश की। दोनों के बीच बढ़ती दूरियों को कम करने पार्टी के वरिष्ठ बीच में आए। इसके बाद रविवार को विधायक वर्मा के जन्मदिन पर सांसद पाटिल कार्यक्रम में शामिल हुए और दोनों ने साथ मिलकर केक काट अपने बीच की दूरियों की चर्चा को विराम देने की कोशिश की।
रविवार को विधायक देवेंद्र वर्मा ने अपना जन्मदिन पार्टी के अलग-अलग मोर्चों और कार्यकर्ताओं के साथ मनाया। प्रात: भगवान श्री गणेश की पूजा अर्चना करने के पश्चात भगवान श्रीराम की आरती करने के पश्चात विधायक वर्मा शहर के अलग-अलग स्थानों पर पहुंचे। जहां केक काट कर विधायक का जन्मदिवस मनाया गया। अजा मोर्चा द्वारा कार्यक्रम के तहत जिला अस्पताल में फल वितरण किया गया। वहीं नवोदय हास्पिटल में युवा कार्यकर्ताओं ने रक्तदान भी किया। बाल सेवा सदन में विधायक देवेन्द्र वर्मा ने पहुंचकर बच्चों को अपने हाथों से भोजन कराया। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि वृंदावन गार्डन में आयोजित क्षेत्र के ग्रामीण कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम आयोजित कर विधायक का जन्मदिन मनाया।
वृद्धाश्रम पहुंचे सांसद, मिलकर मनाया जन्मदिन
गोल्डन ग्रुप खंडवा द्वारा शाम को रामनगर स्थित वृद्धाश्रम में विधायक के जन्मदिन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल भी पहुंचे। उन्होंने विधायक वर्मा के साथ मिलकर केक काटा और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। गोल्डन ग्रुप के रितेश कपूर ने बताया कि इस अवसर पर वृद्धजनों को भोजन भी कराया गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल, अरुण सिंह मुन्ना, राजेश तिवारी, हरीश कोटवाले, गोपी शर्मा, दिनेश पालीवाल, सुनील जैन, सुधांशु जैन, आशीष राजपूत, जीवन डिंडोरे, कैलाश राठौर, राजपालसिंह तोमर, बप्पी नरवाले सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता साथ थे।

खंडवा. बढ़ती दूरियों की चर्चा के बाद सांसद-विधायक एक साथ आए नजर, विधायक के जन्मदिन का केक भी सांसद ने मिलकर काटा।
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
