script

विसर्जन जुलूस में चौराहे पर चाकुओं से गोंदकर युवक की हत्या, दो घायल

locationखंडवाPublished: Oct 10, 2019 01:54:37 am

घंटाघर चौक की वारदात, उपचार के दौरान युवक की मौत, कैमरे में कैद हुआ घटनाक्रम, पुलिस बल ने अस्पताल में जमा हुई भीड़ को खदेड़ा, गेट बंद कर लोगों को रोका
 

 young man killed with knives at crossroads in immersion procession

young man killed with knives at crossroads in immersion procession

खंडवा. ग्यारस पर्व पर शहर में निकल रहे दुर्गा विसर्जन जुलूस में शामिल युवक की चौराहे पर चाकुओं से गोंदकर हत्या कर दी। वहीं चाकू लगने से दो युवक घायल हुए हैं। वारदात घंटाघर चौक पर बुधवार शाम करीब 4.50 बजे की है। विसर्जन चल समारोह में शामिल इंदिरा चौक का जुलूस घंटाघर से गुजर रहा था। तभी नाचने की बात को लेकर बजरंग चौक की गली के पास युवकों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट के साथ जमकर चाकूबाजी हुई। चाकूबाजी होते देख मौके पर भगदड़ मची। तभी भीड़ में शामिल युवक ने घायल को बचाया। घटनाक्रम में मनीष पिता दिलीप कनाड़े (20) निवासी कंचन नगर गंभीर घायल हुआ। वहीं विकास पिता विजय (19) निवासी सर्वोदय कॉलोनी और गौरव पाठक (19) निवासी वार्को सिटी को हाथ में चाकू लगा। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान मनीष कनाड़े की मौत हो गई। मामले की खबर लगते ही अस्पताल में युवाओं की भीड़ जमा होने लगी। जिसे देख सुरक्षा की दृष्टि से परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया। इधर, मामले के कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी पवन केसिनया, राहुल मेहरा, अज्जू उर्फ तरुण जायसवाल और भाजपा युवा मोर्चा उपाध्यक्ष बादल शर्मा के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया। शेष की तलाश जारी है।
बॉम्बे बाजार में विवाद हुआ तो पुलिस ने कराया शांत
वारदात के पहले बॉम्बे बाजार में नाचने की बात को लेकर युवक आपस में उलझे थे। उनके बीच विवाद होते देख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें खदेड़ा। इसके बाद शांत हुआ। इसके कुछ ही देर बाद घंटाघर पर वारदात हुई। इधर, सूत्र बताते है कि युवकों के बीच पुरानी कोई रंजिश चल रही थी। इसको लेकर वारदात को अंजाम दिया गया है।
बदमाश चाकू मारता रहा, भीड़ देखती रही
वारदात का वीडियो सामने आया तो लोगों की खत्म होती मानवीयता दिखने मिली। बदमाश हाथ में चाकू लेकर मृतक मनीष पर बार पर बार किए जा रहा था। लेकिन कोई भी उसे बचाने या बदमाश को पकडऩे आगे नहीं आया। इस दौरान बदमाश ने तीन से चार चाकू मनीष के पेट, पीठ में घोंप दिए। तभी एक युवक बीच में आया और घायल को बचाकर ले गया। वहीं बदमाश मौके से भाग गया। खून से लथपथ युवक को उसके दोस्त स्कूटी पर लेकर अस्पताल पहुंचे। वहीं दो अन्य घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
विवाद के दौरान पुलिस मौके से थी गायब
चौराहे पर जुलूस के दौरान युवकों में विवाद हो रहा था। भीड़ के बीच चाकू चल रहे थे। लेकिन मौके पर एक भी पुलिसकर्मी नजर नहीं आया। यदि पुलिसकर्मी वारदात स्थल पर समय से पहुंच जाता तो शायद युवक की जान बचाई जा सकती थी। हालांकि वारदात के पास ही डीजे बज रहा था। जिसमें घायल की चीखें दब गईं।
बचाने गए तो हम पर भी कर दिया हमला
घायल विकास ने बताया जुलूस में शामिल डीजे की गाड़ी पर बैठे थे। तभी विवाद होते देख तो गौरव के साथ मनीष को बचाने के लिए पहुंचे। बीचबचाव करना चाहा, लेकिन उक्त बदमाश ने हम पर भी चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से विकास को हाथ में छह टांके और गौरव को दो टांके आए हैं। घायलों ने चार युवकों के नाम बताते हुए कहा नाचने की बात पर उनसे कहासुनी हुई थी।
भीड़ पर सख्ती की तो कांग्रेस नेता ने रोका

अस्पताल परिसर व गेट के सामने सड़क पर मृतक व घायलों के परिचितों की भीड़ जमा हो रही थी। बढ़ती भीड़ को देख पुलिस ने सख्ती से उन्हे खदेड़ा। तभी कांग्रेस नेता कुंदन मालवीय पहुंच गए। उन्होंने तुरंत पुलिस से कहा किसी को मारना मत। ऐसा नहीं चलने देंगे। इसी दौरान एक युवक ने मालवीय से कहा हिंदू युवक मरा है। राजनीति नहीं होना चाहिए। हालांकि कुछ ही देर में मामला शांत हो गया। इधर, घटनाक्रम की खबर मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष हरिश कोटवाले, विधायक देवेंद्र वर्मा, वरिष्ठ नेता राजेश डोंगरे अस्पताल पहुंचे और घायलों से मामले की जानकारी ली।
वर्जन…
आपसी रंजिश में युवकों के बीच विवाद हुआ। चाकू लगने से एक युवक की मौत हुई है। प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपी हिरासत में लिए है। शेष जल्द पकड़े जाएंगे।
डॉ. शिवदयाल सिंह, एसपी

ट्रेंडिंग वीडियो