खरगोन

फिजा में घुले राष्ट्रीयता के रंग, आसमां में उड़े गुब्बारों ने दिया शांति का संदेश

आजादी का 72वां राष्ट्रीय पर्व उत्साह व उमंग के मनाया गया, डीआरपी लाइन में कृषि मंत्री सचिन यादव ने किया ध्वजारोहण
 

खरगोनAug 16, 2019 / 11:57 am

Gopal Joshi

खरगोन. परेड का अवलोकन करने के बाद कृषि मंत्री सचिन यादव ने दी सलामी।

खरगोन.
गुरुवार की पौ फटते ही फिजा का रंग बदला। मंदिर में गंूजती आरती, मस्जिद से उठते अजान के स्वर, गिरिजाघरों में प्रार्थनाओं की स्वरलहरियों के साथ आजादी के तराने की गंूज ने हर किसी को राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत कर दिया। धर्म के साथ राष्ट्रीय पर्व के बने संयोग से इंद्रदेव ने भी कृपा बरसाई। ध्वजारोहण के बाद बादल भी जमकर बरसे। जनमानस की खुशियों में प्रकृति ने भी सहभागिता की और उल्लास, उमंग के इस पर्व की साक्षी बनी।
देश की आजादी की 72वीं वर्षगाठ खरगोन में पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाई गई। डीआरपी लाइन मैदान पर मुख्य समारोह हुआ। प्रदेश के कृषि, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री सचिन यादव ने ध्वजारोहण किया। ठीक 9 बजे मुख्य समारोह स्थल पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान गाया गया। मुख्य अतिथि कृषि मंत्री यादव ने परेड का अवलोकन कर सलामी दी। वहीं बड़ी संख्या में उपस्थित बच्चों व नागरिकों का अभिवादन किया। प्रदेश के मुख्यमंत्री का संदेश मुख्य अतिथि द्वारा पढ़ा। मुख्यमंत्री के संदेश में नागरिकों को जल अधिकार के कार्यक्रम और 36 जिलों की 38 नदियों को बचाने की बात कही। साथ ही संदेश के माध्यम से मुख्यमंत्री ने कहा हमारा गांव हमारा पानी है। हमें इसे रोकना है। कई नई योजनाओं के बारे में प्रदेश की प्रगति और विकास को लेकर आगे जाने की बात कही गई। संदेश वाचन के बाद मैत्री और शांति के प्रतीक हवा में गुब्बारे छोड़े गए। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने हर्ष फायर की तीन चरणों में आवाज का खूब आनंद लिया। मार्च पास्ट ने नागरिकों और बच्चों का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का इंद्रदेव ने भी लिया आनंद
मुख्य समारोह में विभिन्न स्कूलों के द्वारा देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक नृत्य संगीत सुमधुर और अनोखी नृत्य प्रस्तुत किए गए। इस दौरान आसमां से इंद्रदेव ने भी स्कूली बच्चों का भाव विभोर होकर स्वागत कर पुन: लौट गए। देश भक्ति के गीतों से पूरा माहौल देश भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारी, पुलिस अधिकारी, शिक्षक, सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दल तथा परेड में शामिल दलों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में यह रहे उपस्थित
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में कलेक्टर गोपालचंद्र डाड, एसपी सुनील कुमार पांडेय, डीआईजी एमएस वर्मा, अपर कलेक्टर एमएल कनेल, जिला पंचायत सीईओ डीएस रणदा, एएसपी शशिकांत कनकने, एडीजे सुभाष सोलंकी, एसडीएम अभिषेक गेहलोत, जिला शिक्षा अधिकारी केके डोंगरे उपस्थित रहे। वहीं जनप्रतिनिधियों में विधायक रवि जोशी, पूर्व विधायक बाबूलाल महाजन, परसराम डंडीर, नपा अध्यक्ष विपिन गौर सहित पार्षद मौजूद थे। संचालन राजकुमार शर्मा, मधुबाला अत्रे ने किया।
इन कार्यालयों में भी हुआ ध्वजारोहण
मुख्य समारोह सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण किया गया। इन कार्यालयों में कलेक्टर कार्यालय, जनसंपर्क, पुलिस अधीक्षक, तहसील, कलेक्टर निवास, जिला सहकारी बैंक एवं आरईएस विभाग शामिल है। इसके अलावा समस्त नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों व तहसीलों सहित अन्य कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया।
कृषि मंत्री ने विद्यार्थियों के साथ किया मध्यान्ह भोजन
कृषि मंत्री यादव ग्राम सैलानी की माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन किया। बच्चों से कहा तुम देश का भविष्य हो, इसलिए मन लगाकर पढ़ाई करना। इस दौरान कृषि मंत्री यादव सहित कलेक्टर डाड एवं एसपी पांडेय ने स्कूल परिसर में पौधारोपण भी किया।
सेवानिवृत्ति से पूर्व ध्वजारोहण का मिला सम्मान
जिला जनसंपर्क कार्यालय खरगोन के सुपरवाईजर उदयसिंह डामोर ने जिला कार्यालय में ध्वजारोहण किया। डामोर ने पूरी सेवा के दौरान नियमित उपस्थिति और हर समय तैयार रहने की अपनी प्रवृत्ति से विभाग में अपनी छाप छोड़ी है। डामोर 30 जून 2020 को अपनी सेवा से सेवानिवृत्त होने वाले है। सहायक संचालक पुष्पेंद्र वास्कले ने उनके इस सेवा को अवीस्मरणीय बनाने के लिए उन्हें ध्वजारोहण करने का अवसर दिया। इससे अन्य कर्मचारियों में भी कार्य के प्रति लगन और उत्साह में संचार होगा।

Home / Khargone / फिजा में घुले राष्ट्रीयता के रंग, आसमां में उड़े गुब्बारों ने दिया शांति का संदेश

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.