खरगोन

हड़ताली श्रमिकों का वाहन पलटा, 30 से अधिक घायल

इंदौर-खरगोन मार्ग पर छोटी कसरावद के पास असंतुलित होकर पलटा वाहन, 8 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल में किया भर्ती, इलाज जारी , सेंचुरी कंपनी के थे श्रमिक, दो साल से कर रहे हैं हड़ताल

खरगोनJun 23, 2019 / 01:17 pm

हेमंत जाट

जिला अस्पताल में घायलों का इलाज करते डॉक्टर।

खरगोन.
निमरानी स्थित सेंचुरी कंपनी के 40 हड़ताली श्रमिकों का वाहन शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे इंदौर-खरगोन मार्ग पर छोटी कसरावद के पास असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में 30 श्रमिक घायल हो गए। 8 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रैफर किया गया। शेष का इलाज कसरावद व धामनोद के अस्पताल में चल रहा है। श्रमिकों ने बताया वह दो साल से विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। कंपनी उन्हें वेतन दे रही है, काम नहीं दे रही। इसके विरोध में श्रमिक आसपास के शहरों में जाकर सफाई अभियान चलाते हैं। शनिवार को भी श्रमिक खरगोन मुख्यालय पर सरकारी कार्यालयों में सफाई करने के लिए जा रहे थे। रास्तें में हादसा हो गया।
श्रमिकों के साथी गजानंद मुजाल्द ने बताया आयशर वाहन में लगभग 40 श्रमिक बैठे थे। प्लान था जिला मुख्यालय पर सरकारी कार्यालयों में सफाई अभियान चलाएंगे। यह अभियान कंपनी द्वारा वेतन देने लेकिन काम न लेने के विरेाध में चलाया जा रहा है। इसकी शिकायत अफसरों से भी करने वाले थे, लेकिन छोटी कसरावद के पास आयशर का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला।
सिर व हाथ-पैरों में आई गंभीर चोट
हादसे में 8गंभीर घायलों जिला स्पताल रैफर किया गया। इनमें शांतिलाल खेड़ेकर (42), कन्हैयालाल विश्वकर्मा (45), श्यामानंद श्रीवास्तव (40), सुरेश गुप्ता (45), राजकुमार दुबे (40), प्रेमलाल जायसवाल (43), सुभाष ढोले (45), ओमप्रकाश मालाकार (45) शामिल हैं।
श्रम विभाग में देने वाले थे ज्ञापन
श्रमिकों ने बताया शनिवार को श्रम विभाग व कलेक्टर कार्यालय में साफ सफाई कर ज्ञापन देने का प्लान था। इसके लिए सभी श्रमिक वाहन से जिला मुख्यालय जा रहे थे। तभी ग्राम छोटी कसरवद के समीप सागर ढाबे के सामने वाहन अचानक पलटी खा गया। अन्य घायल अशोक फटाकड़े, जितेंद्र पटेल, सुनील मालाकार, सूर्या भारद्वाज, चंद्रशेखर बंसोड़, दिनेश सिंग, रामकरन पटेल, ओमप्रकाश राजपूत, शुभाष सिंग शिवकुमार राठौड़, सकुमार फौजी आदि का इलाज कसरावद में ही हुआ। अन्य घायलों को धामनोद भी पहुंचाया है।
यह है श्रमिकों का मामला
जिले के औद्योगिक क्षेत्र सत्राटी में संचालित सेंंचुरी यार्न प्रबंधन की मनमानी के खिलाफ श्रमिक पिछले करीब डेढ़ साल से सत्यागृह आंदोलन कर रहे हैं। कुछ दिनों पूर्व नर्मदा बचाओ आंदोलन की नेत्री मेधा पाटकर के नेतृत्व में सैकड़ों श्रमिकों ने परिवार के साथ खरगोन में धरना दिया था। श्रम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
2017 से कंपनी में प्रोड्क्शन बंद
श्रमिकों के अनुसार सेंचुरी में 2017 से मिल के अंदर प्रोड्क्शन बंद है। जिससे वर्षों से काम कर रहे श्रमिकों की रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया। 17 अक्टूबर 2017 से श्रमिकों द्वारा मिल को फिर से चालू करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन प्रबंधन ने कंपनी को चालू नहीं किया। श्रमिक जनता संघ के बैनर तले मजदूर, मिल प्रबंधन के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं।
933 श्रमिक कर रहे काम
मील में 933 श्रमिक हैं। अचानक मिल बंद होने से सैकड़ों परिवार बेरोजगार हो गए हैं। श्रमिकों ने अपने अधिकारों के लिए श्रम विभाग और न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद कोर्ट ने मजदूरों को वेतन और रोजगार देने के आदेश दिए गए, लेकिन कंपनी ने सिर्फ वेतन दिया, काम नहीं। श्रमिकों का कहना है कि हमें मुफ्त का पैसा नहीं, बल्कि काम चाहिए।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.