scriptयूपी से आकर यहां खोली दूध डेयरी बाद में बनाने लगा नकली मावा, धराया | Do not be afraid of the officers | Patrika News

यूपी से आकर यहां खोली दूध डेयरी बाद में बनाने लगा नकली मावा, धराया

locationखरगोनPublished: Jul 30, 2019 11:35:19 am

Submitted by:

Gopal Joshi

अफसरों का खौफ नहीं, क्योंकि यहां कार्रवाई कोई नहीं करता -सेगांव के कोलगांव फाटे पर एक फैक्ट्री में मिल्क पाउडर व वनस्पति मिलाकर तैयार हो रहा था मावा, प्रशासन ने साढ़े पांच क्विंटल जब्त किया, फैक्ट्री सील

Do not be afraid of the officers

सेगांव के कोलगांव फाटे पर एक फैक्ट्री में मिल्क पाउडर व वनस्पति मिलाकर तैयार हो रहा था मावा

सेगांव
खरगोन जिले में नकली घी व मावे का कारोबार खूब फल-फूल रहा है। कार्रवाई का खौफ न होने की वजह से अब अन्य प्रदेशों के मिलावटखोर भी यहां अपने इस गोरखधंधे का यहां अंजाम दे रहे हैं। सेगांव में यूपी से आए ऐसे ही एक व्यापारी की फैक्ट्री को सोमवार सील किया गया। यहां बड़े पैमाने पर केमिकल, मिल्क पाउडर और वनस्पति मिलाकर नकली मावा तैयार किया जा रहा था। प्रशासन ने फिलहाल साढ़े पांच क्विंटल मावा जब्त किया है। फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। कार्रवाई जारी है।
एसडीएम अभिषेक गेहलोद व तहसीलदार राधेश्याम पाटीदार ने बताया यूपी के सचिन मिश्रा ने कुछ माह पहले यहां दूध डेयरी खोली। धंधा चल निकला तो उसने मिलावट का खेल शुरू कर दिया। सोमवार को जिला प्रशासन को इसकी भनक लगी तो अफसर कोलगांव फाटा स्थित मिश्रा की शिव डेयरी नामक फैक्ट्री पर पहुंचे। यहां मिल्क पाउडर, केमिकल और अन्य वनस्पति से मिलाकर नकली मावा तैयार किया जा रहा था। प्रशासन ने यहां छापामार कार्रवाई करते हुए साढ़े पांच क्विंटल मावा बरामद किया है। रात करीब ८.३० बजे तक कार्रवाई जारी थी। इस संबंध में डेयरी संचालक सचिन मिश्रा से लगातार पूछताछ की जा रही है।
अन्य प्रांतों में सप्लाय करता है मावा
प्राप्त जानकारी के अनुसार सचिन मिश्रा द्वारा बनाया गया मावा अन्य प्रांतों में बड़ी मात्रा में सप्लाय होता है। इस कारोबार के पीछे संचालक ने यहां जमीन खरीद ली है। यहां पर यह फैक्ट्री संचालित हो रही है।
दस्तावेज भी संदेह के घेरे में
फूड इंस्पेक्टर नीरज श्रीवास्तव ने बताया उक्त व्यक्ति द्वारा दूध डेयरी का लाइसेंस बनवाया है। वर्तमान में उस लाइसेंस में फैक्ट्री का कोई जिक नहीं है। न ही स्थान परिवर्तन का कोई जिक्र किया है। इसलिए यह मान्य नहीं होगा। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह जादौन, फूड इंस्पेक्टर नीरज श्रीवास्तव, पटवारी आदित्य शर्मा आदि शामिल रहे।
नकली घी मामले में ४२० का केस दर्ज
एसडीएम ने बताया दो दिन पूर्व जिला मुख्यालय पर करीब साढ़े सात क्विंटल नकली घी भी जब्त किया गया था। यह घी एसेंस व अन्य केमिकल मिलाकर तैयार किया गया। संचालक इसे बाजार में खपाते उसके पहले प्रशासन ने कार्रवाई की और नकली घी जब्त किया। एसडीएम के अनुसार मामले में हार्दिक ट्रेडर्स के संचालक के खिलाफ ४२० का प्रकरण दर्ज किया है। संचालक फरार है। गिरफ्तारी होना शेष है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो