ग्राम छोटी कोदबार में रहने वाले किसन पिता दरजी सोलंकी ने पुलिस को बताया कि रविवार रात वह अपने घर के बाहर सोया हुआ था। तभी करीब रात एक बजे घर के सामने रहने वाला उसका छोटा भाई सीताराम अपने साथियों के साथ आया और मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने किसन को पेड़ से बांध दिया। शोर सुनकर किसन की पत्नी, मां और बच्चे भी जाग गए। बदमाशों ने किसन की पत्नी आशाबाई, बेटी मनीषा (14), कविता (11), बेटे उमेश (12) व प्रदीप 8 को भी पीटा। वहीं कैंसर पीडि़त मां बजियाबाई को भी पैर में लाठी-डंडे से पीटा। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को बड़वाह के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका उपचार जारी है।
पीडि़तों ने लगाया लूट का आरोप: पीडि़त किसन ने हमलावरों पर एक लाख रुपए लूटने का आरोप लगाया। उसने बताया कि तुवर बेचने के बाद एक लाख रुपए मिले थे। जिससे वह कैंसर पीडि़त मां का इलाज कराने वाला था। बदमाश मारपीट करने के साथ ही एक लाख रुपए लूट कर ले गए। मारपीट में आशाबाई का हाथ टूट गया। सभी को शरीर पर चोट के निशान भी हैं।
मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे हमलावर
किसन ने बताया कि सभी हमलावर मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे। हमलावरों में उसका छोटा भाई सीताराम शामिल था। मारपीट के दौरान सीताराम के मुंह पर बंधा कपड़ा खुल गया। किसन के सबसे छोटे भाई शेरसिंह के मुताबिक सीताराम 6 साल से परिवार से अलग रह रहा है।
पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायलों के बयान लिए गए हैं। वहीं आरोपी सीताराम को हिरासत में लिया है। पुलिस ने हमलावरों पर मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सीताराम चौहान, बलवाड़ा टीआई