खरगोन

जिले में लू का अलर्ट, पढि़ए पत्रिका की यह सलाह, आपको देगी राहत

-पत्रिका ने लोकल डॉक्टर्स की पैनल बनाकर आपके लिए परोसी है वह जानकारी जो बचाएगी लू सेजिले में 15 दिन से आग उगल रहा सूरज, आठ दिन से 45 डिग्री के ऊपर दर्ज हो रहा तापमान

खरगोनMay 17, 2022 / 10:08 am

Gopal Joshi

खरगोन. जिला अस्पताल में लू से ग्रसित मरीजों का ट्रीटमेंट पंखों में चल रहा है।

खरगोन.
जिला इन दिनों भीषण गर्मी की मार झेल रहा है। एक पखवाड़े से तापमान 45 डिग्र्री के आसपास है। मौसम विभाग ने हिट स्ट्रोक की चेतावनी दी है। अलर्ट के बीच जिला अस्पताल में नियमित लू की चपेट में आने वाले मरीज भी आ रहे हैं। ऐसे में आपकी सेहत ठीक रहे, आप लू से बचे रहे इसके लिए पत्रिका ने लोकल डॉक्टरों की पैनल से चर्चा कर आपके लिए वह जानकारी जुटाई है जो आपको लू व तेज गर्मी से बचाएगी। आग बरसाते मौसम के बीच आपको क्या करना चाहिए, क्या नहीं। बच्चों, बुजुर्गों का ध्यान कैसे रखना है इस पर एक्सपर्ट की यह राय आपके लिए फायदेमंद होगी।
शरीर का तापमान 37 डिग्री, तो सभी अंग ठीक से करेंगे काम
पैनल में शामिल रिटायर्ड सिविल सर्जन व शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्येश वर्मा बताते हैं कि मानव शरीर का संतुलित तापमान 37 डिग्री होता है। इसमें शरीर के सभी अंक सही ढंग से काम करते हैं। गर्मी में यह तापमान बढ़ता है और हिट स्ट्रोक की समस्या होती है। डॉ. वर्मा ने बताया यह समस्या सबसे ज्यादा बच्चों, बुजुर्गों व महिलाओं में सामने आ रही हैं।
इसलिए बढ़ता है शरीर का तापमान
डॉक्टर वर्मा ने बताया गर्मी में भरपूर पानी न पीने की वजह से शरीर में पानी की कमी होती है। पसीना भी बाहर नहीं निकल पाता। ऐसे में सामान्य 37 डिग्री रहने वाला शरीर का तापमान 42 डिग्री या इससे अधिक हो जाता है। ऐसे हालात में खून के साथ शरीर में मौजूद प्रोटिन गर्म होते हैं। शरीर के स्नायु कड़क होने लगते हैं, सांस लेने में परेशानी होती है।
लू लगे तो घबराए नहीं यह करें
-ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं।
-लू लगने पर तत्काल योग्य डॉक्टर को दिखाएं।
-बुखार तेज होने पर रोगी को ठंडी खुली हवा में आराम करवाना चाहिए।
-104डिग्री से अधिक बुखार होने पर सिर पर ठंडे पानी की पट्टी रखें।
यह न करें
-खुले शरीर धूप में न निकलें।
-अचानक ठंडी जगह से एकदम गर्म जगह ना जाएं।
-शरीर का तापमान न बढऩे दें।
-बर्फ का पानी न पीएंं।

लू लग जाने के बाद क्या करना चाहिए
-प्याज का रस शहद में मिलाकर लें।
-शरीर को दिन में तीन-चार बार गीले तौलिए से पोंछे।
-चाय-कॉफी आदि गर्म पेय का सेवन कम कर दें।
-प्यास बुझान के लिए नींबू का रस मटके के पानी में मिलाकर लें।
यह घरेलु नुस्खे भी देंगे राहत
डिप्लोमा इन नैचुरोपैथी इन योगिक साइंस (डीएनवाईएस) की डॉ. सीमा जोशी बताती हैं कि लू से ग्रसित रोगी के तलवों पर कच्ची लौकी घिसें। इससे लौकी गर्मी खींच लेगी और इसस आराम मिलेगा। इसके अलावा जौ के आटे में पिसा हुआ प्याज मिलाकर शरीर पर लेप करने से भी लू में राहत मिलती है। कैरी का पना विशेष लाभदायक होगा।
बच्चों, बुजुर्गों के लिए सलाह
-छह माह तक के नवजात को अधिक बार स्तनपान कराएं।
-कूलर-एसी से तत्काल धूप में न निकलने दें।
-बच्चों को सिंथेटिक, नायलॉन और पॉलिएस्टर के कपड़े न पहनाएं।

ऐसा रखें खानपान
-हल्का भोजन रखें।
-तरबूज, खीरा, नींबू, संतरा आदि का सेवन करें।
-शिकंजी, खस का शर्बत के साथ में पानी लेकर चलें।
ऐसा हो पहनावा
-बाहर निकले तो सनग्लास लगाएं।
-सफेद सूती व ढीले कपड़े, टोपी आदि का उपयोग करें।
-दोपहर में बाइक चलाए तो हेलमेट या गमछे का उपयोग जरूर करें।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.