scriptप्रेमिका से कोर्ट मैरिज करने पर ससुराल पक्ष ने की मारपीट, प्रेमी बोला- पेट में दागी गोली | In-laws beat up on court marriage with girlfriend, lover said - shot i | Patrika News

प्रेमिका से कोर्ट मैरिज करने पर ससुराल पक्ष ने की मारपीट, प्रेमी बोला- पेट में दागी गोली

locationखरगोनPublished: May 18, 2022 11:26:12 pm

Submitted by:

Amit Onker

युवक को पेट में बाई ओर लगी गोली, गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया, इलाज जारी

owner killing

सुरेश के पेट पर होल इंट्री की जांच करते डॉक्टर।

खरगोन. बिस्टान थाना क्षेत्र के ग्राम घट्टी निवासी डीजे वाहन संचालक को कोर्ट से प्रेम विवाह करना भारी पड़ गया। लड़की पक्ष के लोगों ने बुधवार को दिनदहाड़े उसके साथ मारपीट की। इतना ही फायरिंग करते हुए पेट में गोली मार दी। युवक को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। उसका इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में युवक के पेट पर इंट्री ***** का निशान मिला है, लेकिन गोली नहीं मिली है। डॉक्टरों का कहना है कि यदि फायरिंग हुई है तो गोली शरीर को छूकर निकल गई होगी।

अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम घट्टी निवासी सुरेश पिता बापूराव (40) डीजे संचालक है। वाहन पर साउंड सिस्टम लगाकर शादी-ब्याह के आर्डर लेता है। सुरेश ने बताया करीब तीन वर्ष पूर्व डीजे संचालन के दौरान ही उसकी मुलाकात बेडिय़ा क्षेत्र के ग्राम पिपरी खेड़ा निवासी युवती राखी पिता गुलाब से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम हो गया। सुरेश ने बताया वह दोनों 28 मार्च को उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद पहुंचे। यहां कोर्ट मैरिज कर ली, लेकिन यह निर्णय राखी के परिजन को रास नहीं आया। विवाह के बाद जब दोनों गांव लौटे तो परिवार ने इसका विरोध किया। उधर, मार्च में ही मामले को लेकर राखी के परिजन ने बेडिय़ा थाने पर गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी।

शादी के एवज में दो लाख दिए, तीन लाख की और रखी डिमांड
सुरेश ने बताया राखी के भाई कैलाश पिता गुलाबसिंह, रायसिंह गुलाबसिंह व उनका साथी गौरेलाल आपसिंह उस पर दबाव बनाने लगे। उनका कहना था कि विवाह किया है तो रुपए देने होंगे। सुरेश ने बताया पत्नी के भाइयों ने उससे दो लाख रुपए पहले ही ले लिए और युवती को अपने साथ ले गए। अब तीन लाख की डिमांड कर रहे थे। रुपए लेने के लिए बुधवार को वह मेरे पास पहुंचे। यहां मारपीट की। इसी बीच गौरेलाल ने पिस्टल निकाली और फायर कर दिया। गोली मेरे पेट में लगी है।

पति के आरोप- मेरी पत्नी को बेच दिया है
सुरेश ने आरोप लगाए है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाह के बाद पत्नी को खंडवा जिले के किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया है। बुधवार को वह डिमांड के अनुसार तीन लाख रुपए लेकर गया, लेकिन यहां मायके पक्ष के लोग राखी को लेकर नहीं आए। कहने लगे कि पहले रुपया दो। सुरेश ने पहले राखी को बुलाने की बात कही। इसी बात को लेकर लड़की के भाइयों ने मारपीट की। गौरेलाल ने गोली चला दी। घटना के बाद सुरेश ने डायल 100 पर सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची और घायल सुरेश को जिला अस्पताल पहुंचाया।
प्रथम दृष्टया जांच में पेट के अंदर गोली नहीं मिली है। एक्सरे कराया है।
संभवत. पिस्टल से निकले छर्रे के हो सकते हैं जो शरीर को छूकर निकल गए हैं।
डॉ. लक्ष्मण आर्य, हड्डी रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल खरगोन


सुरेश के पेट पर गन शॉट के निशान मिले हैं। संभवत: गोली शरीर को छूकर निकल गई है। जिन लोगों पर फायरिंग व मारपीट आरोप लगाए हैं वे उस लड़की के भाई है, जिसे सुरेश भगा कर ले गया था। बेडिय़ा थाने पर केस भी दर्ज है। मामले की पड़ताल कर रहे हैं।
धर्मवीरसिंह, एसपी खरगोन

ट्रेंडिंग वीडियो