खरगोन

हाई अलर्ट पर खरगोन, मौसम विभाग ने दी भारी बारिश की चेतावनी

खरगोन सहित अन्य २३ जिलों में भारी बारिश का अनुमान

खरगोनJul 05, 2019 / 11:18 am

Gopal Joshi

बारिश के बाद कुंदा नदी में आ गया पानी।

खरगोन.
मौसम विभाग ने खरगोन जिले में अगले २४ घंटे में भारी बारिश की चेतावनी दी है। भोपाल में बैठे अफसरों ने भी जिला प्रशासन को अलर्ट किया है। भोपाल डिप्टी राहत कमिश्नर ने कलेक्टर को भी इस संबंध में अवगत कराया है। भारी बारिश के यह अनुमान खरगोन के अलावा अन्य २३ जिलों में भी लगाए जा रहे हैं। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले २४ घंटे में चार इंच से ज्यादा बारिश होने की संभावनाएं जताई जा रही है। अलर्ट के बाद कलेक्टर गोपालचंद्र डाड ने सभी जिलाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व, जनपद, होमगार्ड व पुलिस सहित अन्य विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए है।
चेतावनी के बाद से ही अफसरों की बैठकों का दौर शुरू हो गया। गुरुवार को दिनभर अफसर कलेक्टोरेट की दौड़ लगाते नजर आए। अफसरों के मुताबिक बारिश के पूर्व की तैयारियां कर ली गई है। नदी-नालों के तटीय क्षेत्रों में विशेष नजर रखी जा रही है। नर्मदा पट्टी के क्षेत्रों का भी जायजा लिया गया है।
दिनभर छाए रहे बादल, होती रही बंूदाबादी
अलर्ट के पहले गुरुवार को जिले में दिनभर बादल छाए रहे। कई स्थानों पर तेज बारिश भी हुई। जिला मुख्यालय पर सुबह से ही बंूूदाबांदी का दौर चला, यह शाम तक जारी रहा। शुक्रवार तड़के भी तेज बारिश हुई। इसके बाद दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहे।
किसानों को चेहरों पर खुशी
मानसून सक्रिय होने के बाद किसानों के चेहरों पर खुशी दौड़ गई है। जिले में कई किसानों ने बारिश के पूर्व ही बोवनी कर दी थी, उन बीजों का समय पर पानी मिल गया है। किसानों ने बताया बीज अंकुरित हो गए हैं। अच्छा पौधा तैयार होगा। बारिश के बाद खेतों में खरपतवार भी तेजी से बढ़ रही है। किसान मौसम साफ होने के बाद निंदाई गुड़ाई का काम शुरू करेंगे।
महेश्वर में सबसे ज्यादा बारिश
जिले में बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश महेश्वर में हुई है। भू अभिलेख कार्यालय के अनुसार महेश्वर में 39. 6 मिमी वर्षा हुई है। कसरावद में 34, गोगावां में 8, भगवानुपरा, भीकनगांव में 6.6, सेगांव में 4, झिरन्या में 2.2, बड़वाह, सनावद में 2.2 व खरगोन में 1.1 मिमी बारिश दर्ज हुई।

Home / Khargone / हाई अलर्ट पर खरगोन, मौसम विभाग ने दी भारी बारिश की चेतावनी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.