सरपंच सहित 20 पंच निर्विरोध, पहली बार हुआ फैसला कसरावद जनपद की बामखल पंचायत में पहली बार बीस पंचों सहित सरपंच को निर्विरोध चुना गया है। सरपंच की भूमिका में ग्राम कोटवार गौल निवासी बच्चूलाल यादव की बहू (27) जसमा बाई होगी। बामखल और गौल गांवों की सम्मिलित इस पंचायत में 1998 के बाद सरपंच आरक्षण में अनुसूचित जनजाति के आरक्षित सीट हुई। ग्रामीणों ने फैसला लिया कि इस बार गांव में चुनाव नहीं कराते हुए निर्विरोध सरपंच और पंचों को चुना जाए।
22 साल बाद महिला सरपंच के हाथ में गांव की कमान नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद लोनारा पंचायत में सरपंच सहित पंचों का चुनाव निर्विरोध रूप से हुआ। लक्ष्मीबाई अनोखी लाल निर्विरोध सरपंच चुनी गई। इसके पूर्व 22 वर्ष पहले शांताबाई बाबूलाल भटानिया भी निर्विरोध सरपंच बनी थीं। पांच हजार की जनसंख्या वाले ग्राम लोनारा में कुल वोटर 3835 है। ग्राम में कुल 1100 मकान है इतने बड़े ग्राम में सर्वसम्मति से निर्विरोध पंचायत बॉडी बनना अपने आप में बहुत महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों के फैसले पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जगदीश पटेल सहित ग्रामवासी में हर्ष है। पंचायत में 20 पंच में से 10 महिलाएं एवं 10 पुरुष एवं एक सरपंच सहित 11 महिलाओं एवं 10 पुरुषों का सानिध्य रहेगा। जगदीश खाटरिया, सुरेश पटलिया, किशोर काका, पूर्व उपसरपंच राजेश पटेल , पूर्व सरपंच बद्री, दुर्गाशंकर खाटरिया आदि ने बधाई दी।
गांव की बहू चांदनी जाट ने बढ़ाई बड़े-बुजूर्गों की इज्जत बड़वाह जनपद की ग्राम पंचायत रमठान में सरपंच पद महिला अनारक्षित था। जिसके लिए अलग-अलग महिलाओं ने दावेदारी की। दो आवेदन वापस लेने के बाद दौलतपुरा की बहू चांदनी-राजेंद्र जाट (32) निर्विरोध सरपंच चुनी गई। गांव से सरपंच बनने वाली चांदनी पहली महिला हैं। जिसने गांव के बड़े-बुजूर्गों की इज्जत बढ़ा दी। साथ ही 13 पंच भी निर्विरोध निर्वाचित हुए। सरपंच के लिए बसुबाई-गोपाल व शीतल गोपाल ने आपसी सहमति से फॉर्म निकाल चांदनी को अपना समर्थन दिया।
पुरुषों पर भारी महिला, सरपंच सहित आठ वार्डों में निर्विरोध बड़वाह की बामनपुरी पंचायत में भी इस बार महिलाओं की ग्राम सरकार चलेगी। गांव के लोगों ने महिला सरपंच और 13 वार्डों में सभी 5 वार्डो मे पुरुष व 8 महिला पंचों को निर्विरोध चुना है।घ् ाूंघट में रहने वाली महिलाएं अब बामनपूरी ग्राम पंचायत की कमान संभालेंगी सरपंच के रूप में मरुबाई पति मोहनलाल पाटिल को चुना गया। सचिव राजेन्द्र मकवाने, सहसचिव रवीन्द्र शाह ने बताया कि ग्राम पंचायत में सरपंच सहित 13 पंचों के पद है। जिनमें निर्विरोध सरपंच चुनाव होना बड़ी बात है।