scriptलोकतंत्र का उत्सव-आदिवासी अंचल में मतदान को लेकर जबर्दस्त उत्साह, केंद्रों पर लगी कतारें | panchayat elections News in khargone | Patrika News

लोकतंत्र का उत्सव-आदिवासी अंचल में मतदान को लेकर जबर्दस्त उत्साह, केंद्रों पर लगी कतारें

locationखरगोनPublished: Jun 25, 2022 02:33:02 pm

खरगोन जिले की तीन जनपद पंचायत झिरन्या, भगवानपुरा और सेगांव में हो रहा चुनाव, दोपहर एक बजे तक 50 फीसदी वोट पड़े

panchayat elections News in khargone

केंद्रों पर लगी कतारें

खरगोन.
पंचायत चुनाव के पहले चरण में मतदान को लेकर जबर्दस्त उत्साह देखा गया। गांव की सरकार चुनने के लिए महिला, पुरुष, बुजुर्गों के साथ युवा मतदाताओं में जोश है। इसी के चलते शनिवार को सूरज की पहली किरण के साथ मतदान केंद्रों पर ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई है। जहां लंबी-लंबी कतारें देखी गई। खरगोन जिले में आदिवासी अंचल के तीन जनपद पंचायत झिरन्या, भगवानपुरा और सेगांव में मतदान चल रहा है। जिसके लिए 582 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। दोपहर एक बजे तक 50 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। वहीं मतदान की प्रक्रिया दोपहर 3 बजे तक लगातार चलेगी। दोपहर तक जिले में शांतिपूर्ण मतदान होता रहा। इसी दौरान कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम और एसपी धर्मवीरसिंह अलग-अलग क्षेत्रों में अमले के साथ भ्रमण स्थिति का जायजा लेते रहे। करीब सात साल बाद प्रदेश में पंचायत चुनाव हो रहे हैं। इसमें वोटरों द्वारा एक साथ चार मतपत्रों पर मोहर लगाकर वोट डाले जा रहे हैं। इनमें जिपं व जनपद सदस्यों के अलावा ग्राम पंचायत में पंच और सरपंच पद शामिल है। तीनों ही ब्लॉक में 172 पंचायतों सरपंच और पंच पदों के लगभग दो हजार प्रत्याशी मैदान में है। वहीं तीन लाख 38 हजार 392 मतदाता हैं।
जिपं के पहले अध्यक्ष लड़ रहे सरपंच का चुनाव

भगवानपुरा जनपद के अंतर्गत ग्राम पंचायत मोगरगांव में सरपंच पद के लिए कांग्रेस के कद्दावर नेता सिलदार पटेल अपनी किस्मत अजमा रहे हैं, जो सन 1994-95 में जिपं के पहले अध्यक्ष रह चुके हैं। जिनके सामने तीन प्रत्याशी सुनील सिसौदिया, मस्ताराम पटेल, दिनेश भी मैदान में है। मस्तराम पूर्व सरपंच भी और दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं।
विधायक की पत्नी और निवृत्तिमान अध्यक्ष की प्रतिष्ठा दांव पर

सेगांव जनपद के अंतर्गत आठ नंबर क्षेत्र से जिपं सदस्य का चुनाव लड़ रही कमला केदार डावर का मुकाबला भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी पिंकी ध्यानसिंह से है। कमला डावर निवृत्तमान अध्यक्ष सहित भगवानपुरा के निर्दलीय विधायक केदार डावर की पत्नी है। इसलिए विधायक की प्रतिष्ठा भी इस चुनाव मेंं दांव पर रहेगी।
युवा बोले-हमारा वोट-विकास के लिए

पंचायत चुनाव में पंच और सरपंच जैसे पदों के लिए लोगों में मतभेद उभर आते हैं। वहीं इसके इतर युवा मतदाताओं का कहना है कि मतदान हर जागरुक नागरिक का अधिकार है। गांव के विकास के लिए मतदान करना चाहिए। इसी सोच को ध्यान में रखकर वोट डाल रहे हैं।
दोपहर एक बजे तक मतदान की स्थिति

ब्लॉक पुरुष महिला प्रतिशत
भगवानपुरा 32481 38935 53.04
झिरन्या 31585 36430 48.16
सेगांव 12690 12870 40.87

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो