खरगोन

शर्मनाक-अवैध संबंधों की सजा-पति को कंधे पर उठाकर महिला का निकला जुलूस

खरगोन ऊन थाना क्षेत्र के ग्राम केली की घटना, कार्रवाई की जगह समझौता कराने में ंलगी रही पुलिस, एसपी के संज्ञान में आने पर हुई ताड़बतोड़

खरगोनJul 06, 2022 / 05:11 pm

हेमंत जाट

पति को कंधे पर बैठाकर घुमते महिला।

खरगोन.
जिला मुख्यालय से करीब 40 किमी दूर ग्राम केली में एक आदिवासी महिला के साथ शर्मनाक घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद में महिला से पति व अन्य लोगों मारपीट की गई और उसके बाद पति को महिला के कंधे पर बैठाकर गांव में घुमाया गया। घटना 29 जून की है। ऊन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। वहीं छह दिन बाद एफआइआर दर्ज कर सात लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने पहले तो रिपोर्ट नहीं लिखी और बाद में आदमचेक काटकर दोनों पक्षों में समझौता कराने में लग गई। मंगलवार को घटनाक्रम से जुड़ा एक वीडियो एसपी धर्मवीरसिंह तक पहुंचा, तो उन्होंने तत्काल संज्ञान लिया और ऊन टीआई व अमले को कार्रवाई के निर्देश दिए। रात में ही पुलिस के आला अधिकारी केली पहुंचे और ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए महिला के पति सहित आठ लोगोंं को उठाकर थाने ले आए। एसडीओपी राकेश मोहन शुक्ला ने बताया कि इस घटना में 20 से 25 लोग शामिल थे। जिनकी पहचान कर सभी को पकड़ा जाएगा।
यह है मामला

पीडि़ता के साथ मारपीट की घटना उसके मायके में हुई। 45 वर्षीय महिला कुछ समय से केली में अपने भाई और उसके बाद काका के घर रहने चली गई थीं। भाई को भी इस बात पर आपत्ति थीं। 29 जून को बड़वानी निवासी पति उसे लेने के लिए आया। आपस में ग्रामीणों की पंचायत बैठीं। सभी की समझाइश पर महिला अपने पति साथ जाने को राजी हो गई। रात में भाई के घर खाना खाया और सो गए। वहीं अगले दिन सुबह उठकर महिला अपने काका के घर सामान लेने चली गई। काका के साथ महिला के अवैध संबंध की बात करते हुए भाई ने दोनों के साथ मारपीट की। महिला को पति ने भी मारा। परंपरा का हवाला देकर पति को महिला के कंधे पर बैठाकर गांव में घुमाया।

मर्डर का आरोपी है पति, सात सात जेल में रहा
केली निवासी महिला की शादी 25 वर्ष पहले बड़वानी में हुई थीं। ससुराल में पति ने स्वयं के पिता की हत्या कर दी थीं। जिसके बाद पति को आजीवन करावास की सजा हो गई थी। सात साल जेल रहा। तभी महिला अपने बच्चों के साथ अपने गांव में भाई के घर रहने चली आई। महिला की एक लड़की की शादी हो चुकी है।

महिला टीआई ने नहीं दिखाई संवेदनशीलता
ऊन में महिला टीआई गीता सोलंकी पदस्थ है और उसके बाद भी उन्होंने एक महिला के साथ घटित इस शर्मनाक घटना में संवेदनशीलता नहीं दिखाई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई हुई। सूत्रों की मानें तो थाना क्षेत्र में पूर्व में कई अपराधिक प्रकरणों में पुलिस ने समझौता कराने में अधिक रूचि दिखाई। इसी कार्यप्रणाली के चलते बिस्टान थाने पर पदस्थी के दौरान गीता सोलंकी को लाइन अटैच किया गया था।

हिरासत में लिया…
घटना की जानकारी मंगलवार को पता चली। वैसे ही एएसपी और टीआई को भेजकर सात आरोपियों को हिरासत में लिया है। दोनों पक्ष पहले आपस में समझौता करना चाहते थे। अब केस दर्ज हुआ है।
धर्मवीरसिंह एसपी खरगोन

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.