खरगोन

पौ फटते ही घरों से निकले वोटर, ग्राम सरकार चुनने किया मतदान

-मानसूनी मौसम के बीच खेती का काम काज शुरू करने से पहले वोट को प्राथमिकता

खरगोनJun 25, 2022 / 09:55 am

Gopal Joshi

केंद्रों के बाहर लगी लंबी कतारें

खरगोन.
चेहरों पर गजब का उत्साह। मतदान केंद्रों के बाहर लगी लंबी कतारें। ग्राम सरकार चुनने का संकल्प और शांतिपूर्ण मतदान की शुरुआत। शनिवार को यह नजारे खरगोन जिले की भगवानपुरा, झिरन्या व सेगांव जनपद के 582 मतदान केंद्रों पर देखने को मिले। दरअसल यहां त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के मतदान का श्रीगणेश शनिवार से हुआ है। यहां पंच, सरपंच सहित जिला पंचायत व जनपद पंचायत सदस्य के रूप में कुल 2017 अभ्यर्थी चुनावी रण में है। 338392 वोटर मतदान कर उम्मीदवार चुनेंगे।
इन दिनों मानसूनी सीजन चल रहा है। खेती-किसानी से जुड़े लोग पौ फटते ही खेतों का रुख करते हैं, लेकिन शनिवार को उनके कदम मतदान केंद्रों की ओर बढ़़े। झिरन्या जनपद के मुंडिया पंचायत में मतदान करने पहुंचे किसानों ने बताया यह काम भी जरूरी है। पांच साल के लिए प्रधान चुनना है। ऐसे में खेती का काम एक घंटा देरी से होगा चलेगा। लोकतंत्र के यज्ञ में मतदान की आहुति देना जरूरी है। मतदान की शुरुआत सुबह 7 बजे हुई। शुरुआत से ही केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गई। भगवानपुरा ब्लॉक के ग्राम गढ़ी में भी सुबह से ही पोलिंग बूथ के बाहर मतदान के लिए कतारें लगी।
तीन जनपद में 582 केंद्र, 338392
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का श्रीगणेश शनिवार से हो रहा है। पहले चरण के लिए मतदान भगवानपुरा, झिरन्या और सेगांव जनपद में होगा। यहां चार पदों के लिए 2017 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है। इनकी किस्मत का फैसला 338392 वोटर मतदान कर करेंगे। तीन क्षेत्रों में कुल 582 केंद्र बनाए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा।
किस जनपद में कितने मतदाता
जनपद मतदाता
भगवानपुरा 134634
झिरन्या 141213
सेगांव 62545
कुल 338392

फैक्ट फाइल
3 जनपद
582 केंद्र
2017 कुल अभ्यर्थी
338392 वोटर
33300 कर्मियों की ड्यूटी

Home / Khargone / पौ फटते ही घरों से निकले वोटर, ग्राम सरकार चुनने किया मतदान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.