scriptशमशेरगंज से 5 लाख के जाली नोटों के साथ 1 गिरफ्तार | 1 arrested with fake notes of 5 lakhs from murshidabad. | Patrika News

शमशेरगंज से 5 लाख के जाली नोटों के साथ 1 गिरफ्तार

locationकोलकाताPublished: Dec 24, 2018 02:12:03 pm

Submitted by:

Jyoti Dubey

बंगाल से नकली नोटों के बंडल झारखंड भेजने से पूर्व ही शमशेरगंज थाने की पुलिस ने अभियान चलाकर चांदपुर संलग्न इलाके से 1 तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 5 लाख के नकली नोट बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार तस्कर का नाम बाबर अली(24) है।

Kolkata, West Bengal, India

शमशेरगंज से 5 लाख के जाली नोटों के साथ 1 गिरफ्तार

– झारखंड ले जाने का था इरादा

कोलकाता. बंगाल से नकली नोटों के बंडल झारखंड भेजने से पूर्व ही शमशेरगंज थाने की पुलिस ने अभियान चलाकर चांदपुर संलग्न इलाके से 1 तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 5 लाख के नकली नोट बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार तस्कर का नाम बाबर अली(24) है। वह शमशेरगंज के काकुडिय़ा इलाके का रहने वाला है। शमशेरगंज थाना के प्रभारी अमित भक्त ने बताया कि शुक्रवार की रात उन्हें खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली थी कि इलाके में जाली नोटों की खरीदफरोख्त होने वाली है। खबर मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके में अभियान चलाना शुरू कर दिया। पड़ोसी राज्यों से सटे इलाकों में भी तलाशी अभियान शुरू किया गया। पुलिस की टीम को देर रात चांदपुर संलग्न पलटन ब्रिज पार करते समय बाबर की गतिविधियों पर संदेह हुआ। पुलिस की गाड़ी को देख वह झारखंड के सीमा की ओर भाग रहा था। वह अपने इरादे में सफल हो पाता कि उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके बैग की तलाशी किए जाने पर उसमें रखे एक काले पॉलीथीन से पुलिस को 2000 के 250 नकली नोट बरामद हुए। जिसके बाद पुलिस ने उन नोटों को जब्त करते हुए बाबर को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार की सुबह उसे जंगीपुर महकमा अदालत में पेश करने के बाद न्यायाधीश के निर्देश पर पुलिस ने उसे ७ दिनों के लिए अपनी हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर उसके गिरोह के बारे में जानने की कोशिश कर रही है। साथ ही इसका झारखंड लिंक भी तलाशा जा रहा है।

पिछले दिनों झारखंड पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने रांची स्टेशन रोड इलाके से 2 लाख 8 हजार रूपए के जाली नोटों के साथ एक तस्कर को दबोचा था। पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर राजेश भूइंयां ने कबूला था कि उसने इन रूपयों को बंगाल से झारखंड लाया था। जिसके बाद से दोनों राज्यों की पुलिस और सजग हो गई है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो