कोलकाता

रंगदारी वसूलने को लेकर 2 गुटों में संघर्ष, एक तृणमूल समर्थक को लगी गोली

मालदह जिले के वैष्णवनगर थाना क्षेत्र के बाजेयाप्ती पाड़ा गांव में रंगदारी वसूलने को लेकर तृणमूल कांग्रेस के 2 गुटों में संघर्ष छिड़ गया। घटना में गोलीबारी भी की गई। जिसमें तृणमूल कांग्रेस के समर्थक जियाउल शेख, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

कोलकाताDec 25, 2018 / 05:16 pm

Jyoti Dubey

रंगदारी वसूलने को लेकर 2 गुटों में संघर्ष, एक तृणमूल समर्थक को लगी गोली

– जिला परिषद के उपाध्यक्ष ने हमले का कारण पारिवारिक रंजिश बताया

कोलकाता. मालदह जिले के वैष्णवनगर थाना क्षेत्र के बाजेयाप्ती पाड़ा गांव में रंगदारी वसूलने को लेकर तृणमूल कांग्रेस के 2 गुटों में संघर्ष छिड़ गया। घटना में गोलीबारी भी की गई। जिसमें तृणमूल कांग्रेस के समर्थक जियाउल शेख, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मालदह मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत स्थिर है। पीडि़त के परिजनों ने गोली चलाने का आरोप स्थानीय बीरनगर २ नं. ग्राम पंचायत की उपप्रधान के पति शरीफुल शेख पर लगाया है। उनके अनुसार शरीफुल और उसके कुछ साथी इलाके के छोटे-बड़े व्यवसाइयों से रंगदारी वसूलते हैं। उसकी पत्नी रूकसाना बीवी के उपप्रधान बनने के बाद उसकी मनमानी और बढ गई है। उसकी वजह से इलाके में सभी वर्ग के व्यवसाई दहशत में रहते हैं। उन्होंने बताया कि जियाउल पेशे से बीड़ी व्यवसाई है। शनिवार की दोपहर शरीफुल और उसके कुछ साथी जियाउल के दुकान गए । उन्होंने रंगदारी के रूप में उससे मोटी रकम की मांग की लेकिन जियाउल ने उन्हें रूपए देने से इन्कार कर दिया। जिसके बाद शरीफुल और उसके समर्थकों ने जियाउल पर धावा बोल दिया। इसकी जानकारी मिलते ही जियाउल के समर्थक भी उसकी दुकान पर पहुंचे और फिर दोनों गुटों में भारी झड़प शुरू हो गई। इसी दौरान शरीफुल के गिरोह के किसी एक समर्थक ने जियाउल को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली जियाउल के पीठ पर लगी। स्थानीय लोगों की मदद से जियाउल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घाव गंभीर होने की वजह से उसे मालदह मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में स्थानातंरित कराया गया है। घटना की शिकायत किए जाने के बाद पुलिस ने शरीफुल सह दोनों गुटों के ५ समर्थकों को गिरफ्तार किया है। हालांकि सरीफुल ने इस गुनाह को स्वीकारने से इन्कार किया है। उसके अनुसार उसकी और उसकी पत्नी की छवि बिगाडऩे के लिए साजिश के तहत उस पर आरोप लगाया गया है।
वहीं जिला परिषद की उपाध्यक्ष चंदना सरकार ने इस हमले से पार्टी का कोई भी सम्बंध होने से सीधे इन्कार किया है। उनके अनुसार दोनों परिवारों के बीच पारिवारिक रंजिश रहने की वजह से संघर्ष की घटना घटी। उनके अनुसार पुलिस घटना की जांच कर रही है जो भी आरोपी होगा उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

Home / Kolkata / रंगदारी वसूलने को लेकर 2 गुटों में संघर्ष, एक तृणमूल समर्थक को लगी गोली

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.