script‘बंगाल में किसी भी सूरत में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब नहीं होने देंगे’ | 3 modi ministers addressed programme at kolkata | Patrika News

‘बंगाल में किसी भी सूरत में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब नहीं होने देंगे’

locationकोलकाताPublished: May 17, 2019 12:53:42 pm

Submitted by:

Shishir Sharan Rahi

केंद्रीय कानून-न्याय (राज्य) मंत्री पी पी चौधरी की बेबाक टिप्पणी—-भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो पर हमले की निंदा कर बताया ममता का हताशा भरा कदम—-चुनाव: राष्ट्रीय चेतना मंच के आयोजन में एक साथ 3 केंद्रीय मंत्रियों ने की शिरकत

kolkata

‘बंगाल में किसी भी सूरत में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब नहीं होने देंगे’

कोलकाता. पश्चिम बंगाल में किसी भी सूरत में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होने नहीं दी जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो पर कोलकाता में 14 मई को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इशारे पर तृणमूल समर्थित गुंडों ने हमला किया, जो किसी भी स्वस्थ लोकतंत्र के लिए बेहद शर्मनाक है। बंगाल में भाजपा के बढ़ते जनाधार से हताश होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए ममता अनाप-शनाप और अमर्यादित असंसदीय शब्दों का प्रयोग कर रही है। जो उनकी मानसिक स्थिति को जताता है। केंद्रीय कानून-न्याय (राज्य) और कॉर्पोरेट मामलों के मंत्री पी पी चौधरी ने गुरुवार को महानगर में पत्रिका से विशेष बातचीत में यह बेबाक टिप्पणी की। मौका था बंगाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री हॉल में राष्ट्रीय चेतना मंच की ओर से विजन फॉर इंडिया-व्यापार के लिए अवसर विषय पर आयोजित इंटरएक्टिव सेशन का। इसमें मोदी सरकार के 3 केंद्रीय मंत्रियों-पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, जल संसाधन नदी विकास मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और केंद्रीय कानून-न्याय (राज्य)-सह-कॉर्पोरेट मामलों के मंत्री पी पी चौधरी ने एक साथ शिरकत की। लगभग सभी मंत्रियों ने एकमत से कहा कि आज बंगाल से लेकर पूरे देश में एक ही लहर है और वह है मोदी लहर। चौधरी ने ममता पर निशाना साधते हुए कहा कि कोई भी सरकार असंवैधानिक तरीके से कभी भी नहीं चल सकती। चुनाव आयोग की ओर से बुधवार रात बंगाल के गृह-सचिव और अन्य अधिकारियों पर की गई कार्रवाई की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जिस हिसाब से आज संपूर्ण बंगाल में भय, हिंसा और मतदाताओं में असुरक्षा का माहौल बरकरार है वह बेहद गंभीर और चिंता का विषय है।
आतंकवादियों को घर में घुसकर मारा :
बंगाल में भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पार्टी बुरी तरह घबरा गई है और हताशा में हिंसक घटनाओं को अंजाम दे रही। पिछले ५ साल में मोदी सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहली बार मोदी राज में आतंकवादियों के घर में घुसकर मारा गया। मोदी ने इस कलंक को मिटा डाला कि भारत कायरों का देश है। उन्होंने कहा कि आज बंगाल की जनता जाग गई है और ममता सरकार लॉ-एंड-ऑर्डर मामलों में बुरी तरह फेल। चौधरी ने कहा कि किसी की मर्जी से नहीं, बल्कि संविधान के दायरे में ही कानून-व्यवस्था चलती है। उन्होंने सभी से बिना किसी खौफ के ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सबसे पहले मंत्री प्रधान ने संबोधन दिया, जिसमें उन्होंने मोदी सरकार की नीतियों का बखान करते हुए कहा कि सरकार की पूर्वी भारत पर खास नजर है। उन्होंने कहा कि मोदी राज में दुनिया में भारत का डंका बजा। कोलकाता को उन्होंने विरासत नगरी बताते हुए कहा कि आज बंगाल की जनता बदलाव चाहती है। पूर्वी भारत मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में शुमार है और इस बार बंगाल देश की सरकार की अंतिम शिखर बनाने वाला है। लोकसभा के नतीजे चौंकाने वाले होंगे। प्रधान ने कहा कि बंगाल, झारखंड और उड़ीसा इस बार देश में एक सशक्त सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। मेघवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मोदी ने देश को तरक्की के राह पर पहुंचाया, दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया और आंतकवाद पर करारा प्रहार किया। सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का उल्लेख कर उन्होंने कहा कि ७ करोड़ लोगों को उज्जवला योजना का लाभ मिला। राष्ट्रीय चेतना मंच के अध्यक्ष रमेश रस्तोगी, नॉर्थ बंगाल जोन के भाजपा कन्वेनर रथीन्द्र बोस, रंजीत कुमार अग्रवाल, रमेश चोखानी, चुरू नागरिक परिषद के अध्यक्ष नारायण जैन, अरूण मल्लावत और अशोक कुमार पारख सहित कई प्रवासी राजस्थानी सहित व्यवसायी मौजूद थे। संचालन सुमन्ता गुहा और धन्यवाद ज्ञापित रणजीत कुमार अग्रवाल ने किया। केके सिंघानिया समेत कई जने उपस्थित थे।
चौधरी का तूफानी कोलकाता दौरा
केन्द्रीय कानून राज्य मंत्री पीपी चौधरी ने गुरुवार को तूफानी कोलकाता दौरा किया। बुधवार रात महानगर पहुंचे चौधरी ने गुरुवार सुबह से ही महानगर के लोगों से मिलना शुरू कर दिया, जो उनके रात की फ्लाइट से लौटने तक जारी रहा। उन्होंने एक होटल में प्रवासी राजस्थानियों और उद्योगपतियों से मुलाकात की तथा पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर केन्द्र में सरकार बनाने का दावा किया। चौधरी ने सीए तथा सीएस से कहा कि आजकल पेशेवर दक्षता बहुत जरूरी है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में सभी 25 सीटों पर भाजपा जीत हासिल करेगी, क्योंकि जिस तरह अर्जुन को केवल चिडिय़ा की आंख दिखती थी, इस बार लोगों खासकर राज्य के युवाओं को मोदी दिखते हैं। चौधरी ने भारतीय भाषा परिषद में भी प्रवासी राजस्थानी समेत कई लोगों के साथ परिचर्चा की। सीएम ममता बनर्जी की धमकियों से नहीं डरने की अपील की।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो