script

West bengal, Kolkata: नेताजीनगर में फिर नि:संतान वृद्ध की रहस्यमय तरीके से मौत

locationकोलकाताPublished: Aug 04, 2019 07:27:54 pm

Submitted by:

Jyoti Dubey

– गले में फंदा लगा मिला शव- खुद की जमीन पर प्रमोटिंग कार्य होने से रहते थे किराए के मकान में

Kolkata, Kolkata, West Bengal, India

West bengal, Kolkata: नेताजीनगर में फिर नि:संतान वृद्ध की रहस्यमय तरीके से मौत

कोलकाता. दक्षिण कोलकाता के नेताजीनगर इलाके में वृद्ध दंपती हत्याकांड की गुत्थी अभी पूरी तरह सुलझी भी नहीं कि इस इलाके में एक और वृद्ध की रहस्यमय तरीके से मौत हो गई। मृतक का नाम साधन सोम है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार उनकी उम्र 70 से 75 वर्ष के बीच थी। घटना नेताजीनगर के 4/52 विद्यासागर कॉलोनी के एक किराए के मकान में घटी है। रविवार की दोपहर को उनका शव उनके कमरे में पलंग के पाए से लगे फंदे से लिपटा मिला। मिली जानकारी के अनुसार उनका अपना घर उसी इलाके में स्थित था। घर में पिछले कुछ दिनों से प्रमोटिंग का कार्य चलने के कारण वे इस किराए के मकान में रहते थे।

– नौकरानी ने देखा शव

साधन के घर में रोजाना एक काम करने वाली महिला आती थी। उसके अनुसार रविवार की दोपहर को जब वह रोजाना की तरह उनके घर पहुंची, तो मुख्य दरवाजे के ग्रिल में अंदर से ताला लटका था। बार-बार आवाज लगाने के बाद भी जब वृद्ध ने नहीं खोला तो, उसने इसकी जानकारी मकान मालिक को दी। मकान मालिक ने सोचा कि संभवत: उनकी आंख लग गई है। तब उन्होंने दरवाजे की दूसरी चाबी देकर ताला खोलने को कहा। उक्त महिला जब दरवाजा खोलकर कमरे में पहुंची, तो वृद्ध को मेज पर मृत हालत में पड़ा हुआ पाया। उनके गले में पलंग के पाए से बंधा हुआ फंदा लटक रहा था। उसने तुरंत घटना की जानकारी मकान मालिक व आस-पास के लोगों को दी। खबर मिलते ही घटनास्थल पर नेताजीनगर थाने की पुलिस पहुंची। पुलिस ने वृद्ध के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

– पत्नी की मौत के बाद नि:संतान होने का सता रहा था दुख

स्थानीय सूत्रों के अनुसार वह नि:संतान थे। पत्नी की मौत के बाद से अकेले रहने के कारण वे हताश रहते थे। पहले की भांति लोगों से बातचीत करना व मिलना-जुलना भी बंद कर दिया था। नेताजीनगर तथा उसके आस-पास के इलाकों में उनके कई रिश्तेदार रहते है, लेकिन पत्नी की मौत के बाद उन्होंने उनसे भी दूरी बना ली थी। मकान मालिक के अनुसार शांत स्वभाव के साधन ने बातों-बातों में अपने अकेलेपन के बारे में उनसे जिक्र किया था। उनके रिश्तेदार भी इस समस्या से अवगत थे और अक्सर उनसे मिलने आया करते थे। उन्हें उनके साथ खड़े रहने का आश्वासन भी देते थे।

– हत्या या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

गत 30 जुलाई को नेताजीनगर इलाके में मुखर्जी दंपती की हत्या के बाद पुलिस ऐसे मामलों को बड़ी गंभीरता से ले रही है। वहीं शहरवासी काफी आतंकित हैं। ऐसे में अकेले रह रहे इस वृद्ध के रहस्यमय मौत ने फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उसका शव जिस हालत में बरामद हुआ है, उसको देख लोगों के मन में यह संदेह पैदा हो गया है कि क्या वृद्ध ने आत्महत्या की है? या फिर उनकी मौत के पीछे भी कोई रहस्य छुपा है। पुलिस की ओर से अब तक इस बारे में कोई भी टिप्पणी नहीं की गई है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिर्पोट आने से पूर्व उनकी तरफ से इस पर कोई बयान नहीं दिया जा सकता है। साथ ही पुलिस उनके कमरे की तलाशी भी रही है तथा आस-पास में रहनेवाले उनके रिश्तेदारों से पूछताछ भी कर रही है। घटना की जांच पुलिस काफी गंभीरता से कर रही है।

ट्रेंडिंग वीडियो