scriptAgain violence in Bengal : भाजपा कार्यकर्ता की हत्या | Again violence in Bengal: BJP worker killed | Patrika News

Again violence in Bengal : भाजपा कार्यकर्ता की हत्या

locationकोलकाताPublished: Jun 30, 2019 10:08:22 pm

2 दिनों में 2 जने की गोली मारकर हत्या से कानून व्यवस्था पर सवाल

Kolkata West Bengal

Again violence in Bengal : भाजपा कार्यकर्ता की हत्या

कोलकाता/झाड़ग्राम

पश्चिम बंगाल (West Bengal) में खूनी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। हुगली जिले में तृणमूल कांग्रेस की पंचायत प्रधान के पति की हत्या को लेकर मचा बवाल थमा भी नहीं कि राज्य के झाड़ग्राम इलाके में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। झाड़ग्राम थाना क्षेत्र के बाघुआ निवासी गणपति महतो (20) नामक भाजपा समर्थक को शनिवार रात अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। रविवार सुबह कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता ने हत्या के पीछे तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता शांतनु महतो और कवि महतो का हाथ होने का आरोप लगाया है। जिला भाजपा अध्यक्ष सुखमय सतपति ने पार्टी कार्यकर्ता की हत्या के लिए तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। तृणमूल कांग्रेस की जिला इकाई ने आरोप को झूठा बताया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि उक्त वारदात से उनका कोई लेना-देना नहीं है। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है। लोगों ने सडक़ पर उतर कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने मामले में एक जने को गिरफ्तार किया है। विपक्ष ने दो दिनों में दो जने की हत्या पर राज्य में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है।
मारे गए भाजपा कार्यकर्ता के पिता का कहना है कि शनिवार को गांव में हरिनाम जाप का कार्यक्रम था। उनका बेटा कार्यक्रम में गया था। देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वह घर लौट रहा था, घात लगाए बैठे तृणमूल कांग्रेस के अपराधियों ने प्वाइंट ब्लैंक रेंज से उसके सीने में गोली मार दी। घटना की खबर मिलने के बाद वे तुरंत पहुंचे। उसे झाड़ग्राम अस्पताल ले जाया गया, वहां से डॉक्टरों ने उसे मिदनापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल स्थानांतरित कर दिया। हालत गंभीर देख वहां के डॉक्टरों ने कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल स्थानांतरित कर दिया था। यहां उसके बेटे का दम टूट गया। उन्होंने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है।
एक दिन पहले भी हत्या
शनिवार सुबह लगभग 9:30 जे हुगली जिले में बंडेल स्टेशन के पास अपराधियों ने तृणमूल कांग्रेस की पंचायत प्रधान नीतू राम के पति दिलीप राम को पीछे से सिर में गोली मार दी थी। इलाज के लिए कोलकाता लाते समय रास्ते में दिलीप का दम टूट गया था। तृणमूल कांग्रेस ने दिलीप राम की हत्या का आरोप भाजपा नेताओं पर मढ़ा है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो