scriptबैडमिंटन खेलने को लेकर बवाल, हंगामा | agistation for badminton play | Patrika News

बैडमिंटन खेलने को लेकर बवाल, हंगामा

locationकोलकाताPublished: Dec 08, 2018 09:28:10 pm

Submitted by:

Nirmal Mishra

 
– उल्टाडांगा: मंत्री साधन पाण्डे व थाना प्रभारी को घेरा
– शादी समारोह हॉल व एक मकान में व्यापक तोडफ़ोड़
– मोचीबाजार: दो की गिरफ्तारी के बाद लोग भडक़े

kolkata

बैडमिंटन खेलने को लेकर बवाल, हंगामा

कोलकाता. उल्टाडांगा थाना इलाके के मोचीबाजार में बैडमिंटन खेलने को लेकर विवाद के बाद शनिवार को जमकर बवाल हुआ। लोगों ने हमला किया, तोडफ़ोड़ की। गुस्साए लोगों ने एक शादी समारोह हॉल व एक मकान में व्यापक तोड़ फोड़ की। घटना की सूचना पाकर पहुंचे मंत्री साधन पाण्डे व थाना प्रभारी को लोगों ने घेर लिया। उनके सामने प्रदर्शन किया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो जनों को गिरफ्तार किया गया है। मंत्री साधन पाण्डे ने कहा कि तेरह नंबर वार्ड में पहले अशांति थी गुंडा राज था। अभी कुछ दिनों पहले ही शांति बहाल करने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक की गई थी। उस बैठक में एक हजार युवक शामिल हुए। इसमें शांति का महौल बनाने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि शुक्रवार की रात को इलाके में संघर्ष हुआ। उसके बाद शनिवार को कई जगह तोडफ़ोड़ की गई। यह वार्ड ३५ साल से माकपा के कब्जे में था। पहली बार यहां तृणमूल कांग्रेस के पार्षद जीते है। इससे पहले मैंने यहां से विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। उन्होंने कहा कि पुलिस अशांति फैलाने वालों को बर्दास्त नहीं करेगी। पुलिस अपना काम अपने तरीके से करेगी।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि बैडमिंडन खेलने के दौरान शुक्रवार की रात विवाद हुआ था उस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया था। उसी घटना के विरोध में शनिवार को स्थानीय लोगों ने उल्टाडांगा रोड पर बार बार पथावरोध किया। उसी दौरान प्रदर्शनकारियों में से ही कुछ युवकों ने तेरह नंबर वार्ड में एक इलेक्ट्रिक ठेकेदार के गोदाम में घुसकर व्यापक तोड़ फोड़ की। सारी लाइटें तोड़ दी। लोगों ने एक मकान में घुसकर व्यापक तोड़ फोड़ की। इसका विरोध करने पर एक महिला पर हमला कर घायल कर दिया। नीचे घर में तोडफ़ोड़ की। उसके बाद प्रथम तल्ले पर रहे शादी समारोह हॉल में घुसकर गुस्साए युवकों ने व्यापक तोडफ़ोड़ की। हॉल में रखे सोफा, पंखा, लाइट और अन्य सामान को तोड़ डाला। घायल महिला ने बताया कि लाल्टू की अगुवाई में हमला किया गया। उसने बांस से हमला कर दिया।
लोगों ने ये लगाए आरोप
गुस्साए लोगों का कहना है कि जिसका इलेक्ट्रिक गोदाम है, वह गुंडा है। इसलिए ही उसके गोदाम में हमला कर तोड़ फोड़ की गई। जबकि शादी समारोह वाले हॉल में इसलिए हमला किया गया क्योंकि वहां शराब का अड्डा लगता था। अवैध गतिविधियां चलती थी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य हमलावरों की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यह सबकुछ पुलिस की मौजूदगी में ही हुआ। पुलिस मूकदर्शक बनी रही। लोगों ने पुलिस का भी घेराव किया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो