scriptबंगाल में हिटलर जैसा शासन नहीं चलने देगी भाजपा- अमित शाह | Amit shah in west bengal | Patrika News

बंगाल में हिटलर जैसा शासन नहीं चलने देगी भाजपा- अमित शाह

locationकोलकाताPublished: Apr 14, 2023 03:44:40 pm

Submitted by:

Paritosh Dube

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में हिटलर जैसा शासन नहीं चलने देगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने बाद भतीजे को राज्य के मुख्यमंत्री के पद पर देखना चाहती हैं। भाजपा उनका यह सपना पूरा नहीं होने देगी।

बंगाल में हिटलर जैसा शासन नहीं चलने देगी भाजपा- अमित शाह

बंगाल में हिटलर जैसा शासन नहीं चलने देगी भाजपा- अमित शाह

कोलकाता. केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में हिटलर जैसा शासन नहीं चलने देगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने बाद भतीजे को राज्य के मुख्यमंत्री के पद पर देखना चाहती हैं। भाजपा उनका यह सपना पूरा नहीं होने देगी। शाह गुरुवार को बीरभूम के सिउड़ी में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। अपने २५ मिनट से ज्यादा समय तक चले भाषण में शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर एक के बाद एक कई मामलों पर निशाना साधा। उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों से वर्ष २०२४ के लोकसभा चुनाव में राज्य की ४२ में से ३५ सीटों पर भाजपा को जिताने का आह्वान किया। शाह ने कहा कि राज्य से भाजपा को लोकसभा की ३५ सीटें मिलीं तो तृणमूल कांग्रेस की सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी। अगला मुख्यमंत्री भाजपा को होगा।
———
गरीबों की चिंता नहीं परिवार की फिक्र
केन्द्रीय गृहमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर में जातिवाद और परिवारवाद को खत्म किया। वहीं ममता बनर्जी को गरीबों की कोई चिंता नहीं हैं। वे अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही हैं। शाह ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने तीसरी बार सत्ता में आने से पहले राज्य में तीन लाख नौकरियां देने का वादा किया था। अब बंगाल का युवा हिसाब मांग रहा है। राज्य में नियुक्ति भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए शाह ने कहा कि यहां नियुक्तियों में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। मंत्री के घर से बरामद पैसा ट्रकों से ले जाया गया। भ्रष्टाचार कर तृणमूल के नेता मंत्री बंगले बना रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्रवाई करते हैं तो भ्रष्टाचारियों को जेल भिजवाते हैं तो कहा जाता है कि अत्याचार किया जा रहा है। शाह ने तृणमूल सुप्रीमो को चुनौती दी और कहा कि ममता दीदी आप और आपका भतीजा जो चाहे वो कर ले हम भ्रष्टाचार रोक कर रहेंगे।
——-
केन्द्र के चावल पर अपना फोटो
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि वे ममता बनर्जी से पूछना चाहते हैं उन्होंने जनता के लिए क्या किया। केन्द्र सरकार राज्य के सभी लोगों को पांच किलो चावल तीन साल से दे रही है केन्द्र के चावल पर मुख्यमंत्री अपनी फोटो लगा रही हैं। उन्हें फोटो लगाने का ही शौक है तो पांच किलो चावल राज्य सरकार की ओर से दिलवा देतीं।
——–
रामनवमी हिंसा का मुद्दा भी उठाया
शाह ने रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान रिसड़ा और हावड़ा में भडक़ी हिंसा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति के कारण हिम्मत हमले करने वालों की हिम्मत बढ़ी हुई है। भाजपा राज्य की सत्ता में आएगी शोभायात्रा में हमले करने की हिम्मत किसी की नहीं होगी।
———-
कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
केन्द्रीय गृहमंत्री ने एनआइए की ओर से हाल ही जब्त किए गए डेटोनेटर और अन्य विस्फोटकों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक पकड़े नहीं जाते तो न जाने कितने लोगों की मौत होती।
———–
अनुव्रत मंडल पर साधा निशाना
बीरभूम के दौरे पर आए अमित शाह ने जिले के तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष अनुव्रत मंडल पर भी निशाना साधा। बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि मवेशी तस्करी के मामले में जेल में बंद आरोपी को अब तक तृणमूल कांग्रेस ने अपना जिलाध्यक्ष बनाकर रखा है। भाजपा राज्य की सत्ता में आई तो घुसपैठ, तुष्टिकरण, मवेशी तस्करी, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। कानून व्यवस्था की स्थिति सुधरेगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो