scriptबंगाल को आर्थिक क्षति पहुंचा रहा केंद्र- ममता | Bengal is causing economic damage - Mamta | Patrika News

बंगाल को आर्थिक क्षति पहुंचा रहा केंद्र- ममता

locationकोलकाताPublished: Dec 12, 2017 11:03:52 am

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर भेदभाव करने तथा आर्थिक क्षति पहुंचाने का आरोप लगाया है

matma banerjee

कांकसा/कोलकाता.पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर भेदभाव करने तथा आर्थिक क्षति पहुंचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र दूसरे राज्यों की तरह बंगाल को सहयोग नहीं करता। केंद्र के इस नीति का वह विरोध करती हैं। पश्चिम बर्दवान जिले के कांकसा में सोमवार को आयोजित सरकारी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार बंगाल को आवश्यक आर्थिक सहयोग नहीं करती जितना कि वह राज्य से राजस्व वसूलती है। वाममोर्चा के कार्यकाल के दौरान लाखों करोड़ रुपए कर्ज का उनकी सरकार सालाना ४०,००० करोड़ रुपए बतौर ब्याज चुका रही है। ममता ने कहा कि बेमौसम की बारिश और बाढ़ से फसलों का भारी नुकसान हुआ।


इसके लिए केंद्र असम और बिहार सरकार को आर्थिक मदद पहुंचाई पर बंगाल को कुछ भी नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यद्यपि उनकी सरकार केंद्र की नीतियों का विरोध करती है इसलिए वह राज्य को आर्थिक रूप से क्षति पहुंचा रहा है।

 

बंगाल में साम्प्रदायिक भाषा बोल रही भाजपा
तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा बंगाल की संस्कृति-सौहार्द को नष्ट करने में लगी है। उनकी सरकार कभी उत्तेजित होकर भाजपा को उसके तर्ज पर जवाब नहीं देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के लोग जो चाहे कहें हम उस भाषा में नहीं बोलेंगे। हम अपनी भाषा में तथा राजनीतिक तरीके से उसका जवाब देंगे। भाजपा साम्प्रदायिकता की भाषा बोल रही है। हम इसका जवाब कभी भी उसके लहजे में नहीं देंगे। जनता को संदेश देने के लिए हमारे पास कई भाषा हैं। हम उन भाषा को प्राथमिकता देते हैं।


ममता ने कहा कि उनकी सरकार मां, माटी और मानुष के लिए है। यह किसी खास सम्प्रदाय के लिए नहीं बल्कि सब के लिए है। राजस्थान में मालदह के श्रमिक अफराजुल खान की निर्मम हत्या के प्रसंग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों की हुई हत्या का वह निन्दा करतीं हैं।


जात-पात की राजनीति बर्दाश्त नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जात-पात की राजनीति बर्दाश्त नहीं करेगी। उनके अनुसार जात-पात के आधार पर जो लोग बंगाल का विभाजन करने का सपना देख रहे हैं। उन्हें राज्य की जनता उखाड़ फेंकेगी। कांकसा की सभा में आए हजारों की संख्या में आदिवासी परिवारों का आह्वान करते हुए ममता ने कहा कि जात-पात की बात करने वालों पर कभी भरोसा नहीं करें।
कई परियोजना का आगाज
मुख्यमंत्री ने कांकसा की सभा मंच से कई परियोजनाओं का आगाज तथा आधारशिला रखी। पश्चिम मिदनापुर के लिए ७० परियोजनाओं का शिलान्यास तथा १७ का आगाज किया। उन्होंने अजय नदी पर तथा रानीगंज के नुनिया नदी पर सेतु बनाने की घोषणा की। इस क्रम में ममता ने जामुडिय़ा के भू धंसान वाले इलाके में ४५००० नया मकान बनाने की बात कही। सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण के लिए उन्होंने २६६८ करोड़ की योजना शीघ्र शुरू होने की घोषणा की। इससे ३० लाख लोगों को लाभ पहुंचेगा।


आज पुरुलिया व कल बांकुड़ा में सभा
मुख्यमंत्री जंगलमहल के तीन दिवसीय यात्रा के दूसरे दिन मंगलवार को पुरुलिया और तीसरे दिन बुधवार को बांकुड़ा में सभा करेंगी। दूसरी ओर, राज्य के मुख्य सचिव मलय दे समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी विकास को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो