scriptममता के गढ़ में गरजे योगी | bengal needs political independence - yogi | Patrika News

ममता के गढ़ में गरजे योगी

locationकोलकाताPublished: Feb 05, 2019 05:32:51 pm

Submitted by:

Paritosh Dube

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व फायरब्रांड भाजपा नेता आदित्यनाथ योगी ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में आयोजित जनसभा में तृणमूल कांग्रेस को निशाने पर लिया। बंगाल को राजनीतिक आजादी दिलाने की बात कही व तृणमूल कांग्रेस के बर्बर, अराजक व अलोकतांत्रिक होने का आरोप लगाया।

kolkata

ममता के गढ़ में गरजे योगी


– बोले बंगाल को दिलानी होगी राजनीतिक आजादी
– तृणमूल कांग्रेस को कहा बर्बर, अराजक, अलोकतांत्रिक

– हेलीकॉप्टर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने से सडक़ मार्ग से पहुंचे पुरुलिया
कोलकाता.़ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व फायरब्रांड भाजपा नेता आदित्यनाथ योगी ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में आयोजित जनसभा में तृणमूल कांग्रेस को निशाने पर लिया। बंगाल को राजनीतिक आजादी दिलाने की बात कही व तृणमूल कांग्रेस के बर्बर, अराजक व अलोकतांत्रिक होने का आरोप लगाया। योगी ने कहा कि जिस बंगाल ने देश की आजादी की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाई, वंदेमातरम का नारा दिया। राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत की रचना की वहां के समाज को तृणमूल कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति दिलाना आवश्यक है। बंगाल को भाजपा राजनीतिक आजादी दिलाएगी।
इससे पहले पश्चिम बंगाल पुलिस प्रशासन की ओर से उनके हेलीकॉप्टर को पुरुलिया में लैंडिंग की अनुमति नहीं दिए जाने पर वे झारखंड के बोकारो तक हेलीकॉप्टर तक आए। उसके बाद सडक़ मार्ग से पुरुलिया पहुंचे। योगी आदित्यनाथ के आने की खबर पाकर झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा पर बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक जुटे रहे। उनके बंगाल की सीमा में प्रवेश करने से पहले पार्टी समर्थकों का काफिला उनकी अगुवानी में झारखंड पहुंच गया।
कुल जमा १२ मिनट के अपने वक्तव्य में योगी ने पहले पुरुलिया की गरीबी को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यदि ममता सरकार ने इस इलाके के विकास में दिलचस्पी दिखाई होती तो यहां कच्चे घर कच्चे नहीं होते, लोगों को पीने का पानी मिलता। केन्द्र सरकार एेसे इलाकों के विकास के लिए भरपूर धनराशि भेजती है जिसे तृणमूल कांग्रेस के गुंडे खा पी कर हजम कर जाते हैं। उन्होंने सभा में आए लोगों को आस्वस्त किया कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो तृणमूल कांग्रेस के गुंडे गले में तख्ती लगाकर खुद को बक्श देने की फरियाद करते फिरेंगे।
तृणमूल कांग्रेस पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाते हुए योगी ने कहा कि बंगाल के पंचायत चुनाव में सौ से ज्यादा लोगों की हत्या की गई। भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया। हालत अब भी नहीं बदली है। भाजपा नेताओं की सभा, रैली में अड़ंगे लगाए गए। उनके व अन्य भाजपा नेताओं के हेलीकॉप्टर लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई।
राजदारों को बचाने में लगी हैं ममता
सारधा चिटफंड मामले में कोलकाता पुलिस आयुक्त पर कार्रवाई के विरोध में धरने पर बैठीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि वे चिटफंड के भ्रष्टाचारियों को बचाने का काम कर रही हैं। सीबीआइ सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर मामले की जांच कर रही है। मामले की जांच में तृणमूल सरकार की बेईमानी सामने आएगी। इसलिए वे राजदारों को बचाने का प्रयास कर रही हैं।
लगाए जय श्री राम के नारे
अपने वक्तव्य के आखिर में योगी ने सभा में आए पार्टी समर्थकों में उत्साह भरते हुए जयश्री राम के नारे लगवाए। इससे पहले उन्होंने रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद को हिंदुत्व का ध्वजावाहक बताया। साथ ही जनसंघ के संस्थापक श्यामाप्रसाद मुखर्जी के राज्य बंगाल में भाजपा की लहर चलने का दावा किया।

ट्रेंडिंग वीडियो