कोलकाता

पंचायत चुनाव में भाजपा के रिकॉर्ड तोड़ मुस्लिम उम्मीदवार

भाजपा ने पंचायत चुनाव में 850 मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया, अधिक संख्या में मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट दिलाने में मुकुल राय ने महत्वपूर्ण भूमिका न

कोलकाताMay 06, 2018 / 07:24 pm

MANOJ KUMAR SINGH

लोकसभा 2019 में भी अपनाएंगे यह रणनीति- दिलीप घोष
कोलकाता.
उत्तर प्रदेश, कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक भी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया हो पर पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनाव में पार्टी ने इसके उलट रिकॉर्ड तोड़ मुसलमान उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। पार्टी ने 14 मई को होने वाले पंचायत चुनाव में 850 मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया है। पार्टी ने अगले लोकसभा चुनाव में भी बंगाल में यही रणनीति लागू करने का दावा किया हे।
आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश भाजपा ने वर्ष 2013 के पंचायत चुनाव में 100 से कम मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया था। वर्ष 2008 और 2003 के पंचायत चुनाव में भी भाजपा के मुस्लिम उम्मीदवारों की संख्या 100 नहीं हो पाई थी। वर्ष 2016 के राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य के 294 विधानसभा सीट में से छह पर मुस्लिम उम्मीदवार मैदान में उतारे थे।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि अगर नामांकन शान्तिपूर्ण होता तो भाजपा के 2 हजार से भी अधिक मुस्लिम उम्मीदवार चुनावी मैदान में होते। बंगाल में भाजपा का जनधार बढ़ा है। राज्य के मुस्लिम भी समझने लगे हैं कि भाजपा सबके विकास में विश्वास करती है। केन्द्र और देश के 20 राज्यों में हमारी या हमारे गठबंधन की सरकारे हैं। सभी राज्यों में मुस्लिम शान्ति से है और उन्हें कोई समस्या नहीं है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भी पार्टी बंगाल में यही रणनीति लागू करेगी। दिलीप घोष ने कहा कि भाजपा ने धर्म के आधार पर किसी को टिकट नहीं दिया है, बल्कि एेसे लोगों को टिकट दिया है जिनमें चुनाव जीतने की क्षमता है।
राज्य में मुस्लिमों की जनसंख्या कुल आबादी का २6 प्रतिशत है।
 

प्रदेश भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अली हुसैन ने कहा कि राज्य की मुस्लिम आबादी तक पहुंचना हमारा लक्ष्य है। तृणमूल कांग्रेस और दूसरी पार्टियां भाजपा को अल्पसंख्यकों के दुश्मन के रूप में पेश करने की कोशिश करती रही हैं। लेकिन राज्य के अल्पसंख्यक समुदाय ने इस बात को स्वीकार किया कि भाजपा उनकी शत्रु नहीं है।
– मुकुल राय की महत्वपूर्ण भूमिका
प्रदेश भाजपा के सूत्रों ने बताया कि भाजपा की ओर से अधिक संख्या में मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट दिलाने में पार्टी के पंचायत चुनाव कमेटी के चेयरमैन मुकुल राय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाया है। यही नहीं उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और वाम मोर्चा के बागियों को भी भाजपा के टिकट पर चुनावी मैदान में उतारा है।
मुख्यमंत्री पर है मुसलमानों को भरोसा- तृणमूल

तूणमूल कांग्रेस के महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा कि बंगाल के मुसलमानों को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर पूरी आस्था है। एक तरफ भाजपा अल्पसंख्यकों को पंचायत चनाव में उम्मीदवार बना रही है और दूसरी ओर राज्य में दंगा फैलाने के प्रयास किए जा रही है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.