जूट उद्योग को लेकर केन्द्र के खिलाफ बागी बने भाजपा सांसद सिंह
. प्रदेश भाजपा में घमासान के बीच बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने अपनी ही पार्टी की केन्द्र सरकार के खिलाफ बगावत का बिगुल बजा दिया। केन्द्र पर पश्चिम बंगाल के जूट उद्योग के प्रति उदासीन होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने सोमवार को केंद्र के खिलाफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ मिलकर आंदोलन करने की धमकी भी दे डाली।
कोलकाता
Published: April 26, 2022 11:16:55 pm
सीएम ममता के साथ भी आंदोलन की धमकी
पार्टी सही समझे या गलत, परवाह नहीं
भाजपा नेता और केन्द्रीय मंत्री उड़ रहे हैं आकाश में
कोलकाता. प्रदेश भाजपा में घमासान के बीच बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने अपनी ही पार्टी की केन्द्र सरकार के खिलाफ बगावत का बिगुल बजा दिया। केन्द्र पर पश्चिम बंगाल के जूट उद्योग के प्रति उदासीन होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने सोमवार को केंद्र के खिलाफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ मिलकर आंदोलन करने की धमकी भी दे डाली। हालांकि उन्होंने भाजपा छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में लौटने की संभावनाओं को सिरे से खारिज कर दिया। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने जूट उद्योग की समस्याओं से संबंधित सिंह की बात को स्वीकार किया है। दूसरी ओर माकपा ने पूरे प्रकरण को अर्जुन सिंह के दल बदलने का पैंतरा करार दिया है।
--
बंगाल के लिए कुछ नहीं
अर्जुन सिंह ने कहा कि राज्य में जूट उद्योग की स्थिति बहुत खराब है। केन्द्र की हमारी सरकार होने के बावजूद बंगाल के लिए कुछ नहीं कर रही है। इसको लेकर वे सड़क पर उतरकर केन्द्र सरकार के विरोध में आंदोलन करेंगे। अगर इसको लेकर ममता बनर्जी हमें बुलाएंगी तो भी हम यही बात कहेंगे। अब पार्टी इसे सही समझे या गलत, उन्हें इसकी परवाह नहीं है।
--
हजारों लोग बेरोजगार
उन्होंने कहा कि राज्य की 14 जूट मिलें बंद हैं और 10 जूट मिले बंद होने के कगार पर हैं। हजारों लोग बेरोजगार हो गए है। जूट मिल श्रमिक और जूट किसान सहित राज्य के ढाई करोड़ लोग इस उद्योग पर निर्भर है। उन्होंने खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इससे अवगत कराया है। केन्द्रीय कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल इस बात को समझने के लिए तैयार ही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता और केन्द्रीय मंत्री आकाश में उड़ रहे हैं। इस लिए वे जूट मिल के गरीब श्रमिकों और जूट किसानों की आजीविका पर आए संकट नहीं समझ रहे हैं।
--
केन्द्रीय जूट बोर्ड की बैठक में उठाया मुद्दा
इससे पहले अर्जुन सिंह ने सोमवार को केन्द्रीय जूट बोर्ड की बैठक में हिस्सा लिया और बंगाल के जूट उद्योग के खस्ता हाल का मुद्दा उठाया। उन्होंने बोर्ड से बींमार जूट उद्योग के जीर्णोधार के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने की सलाह दी। लेकिन बैठक में उन्हें संतोषजनक आश्वासन नहीं मिला।
--
जूट उद्योग पर संकट है: दिलीप घोष
भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि बंगाल में जूट उद्योग पर संकट छाया है। इससे जुड़े लाखों लोगों की आजिविका खतरे में है। अर्जुन सिंह इस उद्योग से जुड़े हुए हैं। उन्हें सब कुछ पता है। लेकिन वे इस समस्या को अकेले हल नहीं कर सकते। इसके लिए राज्य सरकार को भी केन्द्र से बात करनी होगी।
--
यह दल बदलने का पैंतरा है: सुजन
माकपा की केन्द्रीय केमेटी के सदस्य सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि यह अर्जुन सिंह का दल बदलने का पैंतरा है। अचानक उन्हें बंगाल के जूट उद्योग के मजदूरों और किसानों की समस्याएं याद आ गई। वे तृणमूल से भाजपा में आए थे और अब अपनी पुरानी पार्टी में लौटना चाहते हैं।

जूट उद्योग को लेकर केन्द्र के खिलाफ बागी बने भाजपा सांसद सिंह
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
