कोलकाता

सीएम के काफिले को दिखाए काले झंडे

भाजपा महिला मोर्चा ने लगाए गो बैक के नारे

कोलकाताNov 24, 2020 / 08:13 pm

Rajendra Vyas

बांकुड़ा में मंगलवार को मुख्यमंत्री के काफिले को काला झंडा दिखाती भाजपा की महिला मोर्चा की कार्यकर्ता।

कोलकाता. भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के जंगलमहल दौरे के दौरान उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को भाजपा की ओर से ममता बनर्जी से जंगलमहल के विकास और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल किए जाने के बाद पार्टी महिला मोर्चा ने मंगलवार को क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए तथा उनके काफिले को काले झंडे दिखाए। प्रदेश महिला मोर्चा की बांकुड़ा जिला ईकाई की कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के जंगलमहल दौरे के दौरान सड़क किनारे खड़े होकर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रही भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने गो बैक के नारे लगाए। इस दौरान प्रदर्शन करने वाली महिलाओं ने बांकुड़ा जिला में महिलाओं के खिलाफ बड़े अपराध के बारे में सवाल उठाए। उन लोगों ने कहा कि ममता बनर्जी के शासन के दौरान बांकुड़ा में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ गया है। मुख्यमंत्री ने कभी खोज-खबर नहीं ली और अब जब चुनाव नजदीक आया है तो उन्हें बांकुड़ा की याद आई है।
इससे पहले भाजपा ने मुख्यमंत्री के जंगलमहल दौरे को लेकर राज्य सरकार को कोसा। साथ ही उन पर सवालों बौछार कर दी। भाजपा ने बांकुड़ा जिला सहित जंगलमहल इलाके के विकास, क्षेत्र में बेरोजगारी और समग्र कानून-व्यवस्था के बारे में सवाल उठाए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने आरोप लगाया कि सीएम को सिर्फ चुनाव के समय में जंगलमहल की याद आती है।

Home / Kolkata / सीएम के काफिले को दिखाए काले झंडे

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.