script

सैंथिया में तृणमूल के दो गुटों में भिड़ण्त!

locationकोलकाताPublished: Nov 13, 2018 07:13:44 pm

– फायरिंग, बमबाजी, एक जने को गोली लगी, कई घायल- इलाके में तनाव, पुलिस तैनात

Kolkata West Bengal

सैंथिया में तृणमूल के दो गुटों में भिड़ण्त!

कोलकाता

बीरभूम जिले के सैंथिया इलाके में वर्चस्व को लेकर मंगलवार की सुबह तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों में जोरदार भिड़ण्त हुई। एक दूसरे को निशाना बनाकर बमबाजी और फायरिंग की गई। बम व गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। भिड़ण्त में एक जने को गोली लगी है। बम के छर्रे से भी कई जने घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए सिउड़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है। आला पुलिस अधिकारी भी हालात पर नजर रख रहे हैं। घटना के संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने इस संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया था। कुछ लोगों पूछताछ के लिए थाने में रोक रखी थी। गिरफ्तारी के भय से अधिकांश पुरुष घर छोड़ भाग गए हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार इलाके में दबदबे को लेकर लम्बे समय से तृणमूल कांग्रेस की जिला कमेटी के सदस्य साधन मुखोपाध्याय और सैंथिया ब्लॉक के अध्यक्ष साबिर अली के बीच तनातानी चल रही है। इस बीच कुछ दिन पहले साधन मुखोपाध्याय और साबीर अली के परिवार के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। विवाद को मिटाने के लिए सोमवार को गांव में बैठक बुलाई गई थी। सूत्रों के अनुसार बैठक में बात नहीं बनी थी। इसके बाद साधन मुखोपाध्याय गुट के लोगों ने मंगलवार सुबह साबीर अली के घर के पास बमबाजी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के तहत साबिर अली के समर्थकों ने कई राउंड गोलियां चलाई। साधन गुट के नासीर शेख को गोली लगी है। साबीर अली गुट के कई लोग बम के छर्रे से घायल हुए हैं। हालांकि जिला तृणमूल इकाई ने घटना को गुटीय विवाद मानने से इनकार किया है। तृणमूल नेताओं का आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने साबीर अली के घर पर बमबाजी की है। जिला भाजपा इकाई ने आरोप को झूठा बताया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि वारदात तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के अंतरकलह का परिणाम है। जिसपर पर्दा डालने के लिए तृणमूल कांग्रेस के नेता भाजपा के मत्थे दोष मढऩे का प्रयास कर रहे हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो