scriptअनुब्रत मंडल के घर डॉक्टर भेजने पर बढ़ा विवाद | Controversy escalated over sending doctor to Anubrata Mandal's house | Patrika News

अनुब्रत मंडल के घर डॉक्टर भेजने पर बढ़ा विवाद

locationकोलकाताPublished: Aug 13, 2022 11:56:31 pm

Submitted by:

Rabindra Rai

पशु तस्करी मामले में सीबीआइ द्वारा गिरफ्तारी से एक दिन पहले तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता अनुब्रत मंडल के आवास पर सरकारी डॉक्टर भेजने और बेड रेस्ट की सलाह देने का विवाद बढ़ता जा रहा है।

अनुब्रत मंडल के घर डॉक्टर भेजने पर बढ़ा विवाद

अनुब्रत मंडल के घर डॉक्टर भेजने पर बढ़ा विवाद

अस्पताल अधीक्षक ने विधायक पर अंगुली उठाई
डॉ. मुर्मू बोले, मजबूरन उठाना पड़ा कदम
कोलकाता. पशु तस्करी मामले में सीबीआइ द्वारा गिरफ्तारी से एक दिन पहले तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता अनुब्रत मंडल के आवास पर सरकारी डॉक्टर भेजने और बेड रेस्ट की सलाह देने का विवाद बढ़ता जा रहा है। बोलपुर अनुमंडल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बुद्धदेव मुर्मू ने अब अनुब्रत के करीबी तृणमूल विधायक पर अंगुली उठाई है। मुर्मू ने दावा किया कि विधायक विकास रॉय चौधरी के निर्देश के बाद उन्होंने डॉ. चंद्रनाथ अधिकारी को मंडल के आवास पर भेजा था। रॉय चौधरी ने अनुब्रत के घर डॉक्टर भेजने का उन पर दबाव डाला था। इसलिए मजबूरन उन्हें डॉक्टर भेजना पड़ा।

अस्पताल अधीक्षक से पूछताछ करेगी सीबीआइ
सीबीआई अब डॉ. मुर्मू से पूछताछ करने की योजना बना रही है। अधिकारी ने कहा कि सीबीआइ यह जानने की कोशिश कर रही है कि किसने बोलपुर में मंडल के निचुपट्टी स्थित घर पर एक चिकित्सक को भेजने के लिए डॉ. मुर्मू से संपर्क किया था। हम उनसे यह भी पूछेंगे कि क्या उन्होंने चिकित्सक को टीएमसी नेता को 14 दिनों तक पूरी तरह आराम करने की सलाह देने का निर्देश दिया था?

जांचकर्ताओं को सहयोग करेंगे: डॉ. मुर्मू
डॉ. मुर्मू ने कहा कि अगर सीबीआइ अधिकारी उन्हें तलब करते हैं तो वे जांचकर्ताओं के साथ पूरा सहयोग करेंगे। मुझे बीरभूम जिला परिषद सभाधिपति विकास रॉय चौधरी का फोन आया था कि अनुब्रत मंडल बहुत बीमार हैं और चिकित्सकों की एक टीम को तुरंत उनके आवास पर भेजा जाना चाहिए। फिर मैंने डॉ. चंद्रनाथ अधिकारी से उनके घर जाने का अनुरोध किया। मुर्मू ने कहा कि विधायक उन्हें अनुब्रत के घर डॉक्टर भेजने के लिए बार-बार फोन कर रहे थे। मुर्मू ने कहा कि उनकी तरह डॉ. चंद्रनाथ भी छुट्टी पर थे। मैंने उनसे मंडल के घर जाने को कहा। विधायक के अनुरोध पर डॉ. चन्द्रनाथ ने अनुब्रत के लिए 14 दिनों के बेड रेस्ट की सलाह लिखी।

विधायक ने दी सफाई
दूसरी तरफ विधायक और जिला परिषद अध्यक्ष विकास रायचौधरी ने दावा किया कि उन्होंने अस्पताल अधीक्षक को केवल सूचना दी थी। उन्होंने डॉ. मुर्मू को कभी भी निर्देश नहीं दिया था। उनसे टीएमसी नेता को देखने के लिए डॉक्टरों की एक टीम भेजने के लिए अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि मुझे अनुब्रत के परिवार से फोन आया था कि वे बहुत बीमार हैं और यही कारण है कि मैंने डॉ. मुर्मू से अनुरोध किया था। इस पूरे प्रकरण के बाद भी अनुव्रत मंडल सीबीआइ के शिकंजे से बच नहीं सके। अभी वे सीबीआइ की हिरासत में है। जांच एजेंसी उनसे पशु तस्करी के सिलसिले में सवाल जवाब कर रही है।

ट्रेंडिंग वीडियो