कोलकाता

बंगाल से पीएम चाहती है दिल्ली

पुरुलिया में शाह की सभा के विरोध में तृणमूल की रैली में बोले शुभेन्दु

कोलकाताJul 01, 2018 / 11:22 pm

MANOJ KUMAR SINGH

बंगाल से पीएम चाहती है दिल्ली

राज्य के दूसरे मंत्रियों ने भाजपा पर किया पलटवार
कोलकाता
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बलरामपुर में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की जनसभा के जवाब में तृणमूल कांग्रेस ने रविवार को उसी स्थान पर रैली की। राज्य के परिवहन मंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अगला प्रधानमंत्री बनने का दावा किया।
बलरामपुर के सिमुलिया मैदान में आयोजित रैली में राज्य के पांच मंत्रियों ने मोर्चा संभाला। शुभेन्दु अधिकारी ने कहा कि भाजपा का खेल खत्म होने वाला है। दिल्ली बंगाली प्रधानमंत्री चाहती है। देश का अगला प्रधानमंत्री ममता बनर्जी बनेंगी। अमित शाह बंगाल में 22 लोकसभा सीटें जीतने का सपना देख रहे हैं। लेकिन उनका यह सपना पूरा नहीं होगा। सभी 42 लोकसभा सीटों पर तृणमूल कांग्रेस जीतेगी। यह साबित हो जाएगा कि यहां सिर्फ तृणमूल कांग्रेस है और भविष्य में तृणमूल ही रहेगी। भाजपा का यहां नामो निशान नहीं रहेगा। 2019 में भाजपा का सफाया हो जाएगा।
तीखा वार किया
शुभेन्दु अधिकारी के अलावा शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम और बाल और महिला कल्याण मंत्री शशि पांजा भी शामिल थी। सभी ने भाजपा और अमित शाह पर तीखा पलटवार किया और राज्य में अलगाववादी ताकतों और दंगा फैलाने वालों के प्रवेश को रोकने का संकल्प लिया।
शाह को हत्या का आरोपी बताया
हाकिम ने अमित शाह को हत्या का आरोपी करार दिया। उन्होंने शाह का जिक्र करते हुए कहा कि गुजरात में कई हत्याओं के मुख्य आरोपी यहां अशांति और दंगा फैलाने और बड़े-बड़े झूठे वादे और दावे करने के लिए आए थे। उन्हें बंगाल की परम्परा, संस्कृति और पूर्व स्थितियों के बारे में पता नहीं है। हम स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि बंगाल में दंगा फैलाने वालों का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि शाह 22 लोकसभा सीट जीतने की बात भूल जाएं। मंत्री ने कहा कि दिल्ली और गुजरात से आने वाले शाह जैसे लोगों को इसका पता नहीं है कि कैसे ममता बनर्जी के कार्यकाल में नक्सल प्रभावित बंगाल के जिलों में स्थिति बदल चुकी है। वाम मोर्चा के शासन में जंगलमहल इलाकों में लोकतंत्र नहीं था। राजनीतिक हत्याएं होती थी। भाजपाइयों को इन जगहों पर सभा करने की हिम्मत नहीं थी। पूरा क्षेत्र नक्सलियों और वाम मोर्चे समर्थित गुंडों के दोहरे हमले से जूझ रहा था। ममता बनर्जी के नेतृत्व में, हमने शांति स्थापित की है।
पांजा ने भी बोला हमला

महिला विकास और सामाजिक कल्याण मंत्री शशि पांजा ने कहा कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ही वह पार्टी है, जो जनजातीय समुदाय की परम्परा और जिंदगी का ख्याल करती हैं। हम जनजातीय समुदाय से प्यार करते हैं और समाज को दिए उनके योगदान का हमेशा आदर करते हैं। तृणमूल कांग्रेस ने कल हूल दिवस मनाया और संथाल विद्रोह और बंगाल में अंग्रेजों के खिलाफ उनकी बहादुरी का उत्सव मनाया। क्या भाजपा अध्यक्ष ने इस पर एक भी शब्द कहा।

Home / Kolkata / बंगाल से पीएम चाहती है दिल्ली

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.