कोलकाता

पहाड़ का विकास हमारी प्राथमिकता-मुख्यमंत्री

उत्तर बंग उत्सव के मौके पर बोलीं ममता

कोलकाताJan 08, 2018 / 10:55 pm

Prabhat Kumar Gupta


सिलीगुड़ी/कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि पहाड़ का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता है। विकास के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास करती रहेगी। सिलीगुड़ी स्थित कंचनजंघा स्टेडियम में सोमवार को सात दिवसीय उत्तर बंग उत्सव के उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने पहाड़ के विकास के पक्ष में सवाल किया। उन्होंने कहा कि जीटीए के अस्थायी चेयरमैन विनय तमांग के नेतृत्व में पहाड़ पर विकास कार्य हो रहा है। राज्य सरकार इसके लिए हर संभव सहयोग करेगी। अब यह नहीं कहा जा सकता कि उत्तर बंगाल सरकार की नजरों से ओझल है। यहां हर स्तर पर विकास हुआ है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री उत्तर बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर सिलीगुड़ी पहुंची। मंगलवार को वह अलीपुरदुआर में नवनिर्मित प्रशासनिक भवन डुआर्स कन्या का उद्घाटन करेंगी।
पर्यटन पर जोर-
उन्होंने कहा कि पहाड़ जितना खुशहाल व शांत रहेगा, उतना ही पर्यटक का आगमन होगा। सरकार पर्यटन पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष पहाड़ पर बिमल गुरुंग के नेतृत्व में गोर्खा जनमुक्ति मोर्चा के १०४ दिनों की हड़ताल से दार्जिलिंग की अर्थव्यवस्था चरमरा गई थी। राज्य सरकार के सहयोग से जीटीए इसे पटरी पर ला रही है। उत्तर बंग उत्सव पर मुख्यमंत्री ने कई नई योजनाओं की घोषणा की। इनमें गाजलडोबा में नया पर्यटन केंद्र खोलना, जलपाईगुड़ी व अलीपुरदुआर के बीच नई सड़क, सेवक से सिक्किम तक सड़कों की मरम्मत तथा उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल कॉरिडोर बनाना शामिल है। मुख्यमंत्री ने उत्तर बंगाल के चाय बागान श्रमिकों के लिए समाज कल्याण से जुड़ी योजनाएं शुरू करने की घोषणा की है।
स्थानीय भाषाओं को मान्यता-
मुख्यमंत्री ने कहा कि हृदय की भाषा सबसे बड़ी भाषा है। उन्हें किसी भाषा से परहेज नहीं है। राज्य सरकार उत्तर बंगाल में राजवंशी अकादमी और कामतापुरी अकादमी के गठन करने के अलावा हिन्दी, गुरुमुखी और अलचिकी जैसी भाषाओं को मान्यता दी है। उत्तर बंगाल के बानरहाट में हिन्दी माध्यम के कॉलेज की स्थापना उनकी सरकार की उपलब्धियों में से एक है। (कासं.)

Hindi News / Kolkata / पहाड़ का विकास हमारी प्राथमिकता-मुख्यमंत्री

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.