scriptफेसबुक पर अभिनेता के नाम पर नकली प्रोफाइल | Fake profile on the name of actor on facebook | Patrika News

फेसबुक पर अभिनेता के नाम पर नकली प्रोफाइल

locationकोलकाताPublished: Aug 13, 2017 10:24:00 pm

फेसबुक पर टॉलीवुड अभिनेता भास्कर बंद्योपाध्याय के नाम पर नकली प्रोफाइल बना कर कई युवक/युवतियों से कई लाख रुपए धोखाधड़ी करने के आरोप में कोलकाता पुलिस

facebook

facebook

कोलकाता. फेसबुक पर टॉलीवुड अभिनेता भास्कर बंद्योपाध्याय के नाम पर नकली प्रोफाइल बना कर कई युवक/युवतियों से कई लाख रुपए धोखाधड़ी करने के आरोप में कोलकाता पुलिस के साइबर सेल की टीम ने शुक्रवार रात खडग़पुर से एक युवक को गिरफ्तार किया। उसका नाम सत्यब्रत दास है।

उससे लालबाजार में पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पहले घटना के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। गहन छानबीन के बाद सत्यब्रत को गिरफ्तार किया गया। सत्यब्रत ने भास्कर बंद्योपाध्याय के नाम और उनका फोटो लगा कर फेसबुक पर नकली प्रोफाइल बनाया था। लोगों की आंखों में धूल झोंकने के लिए उसने फोटो गैलरी में भास्कर की कई तस्वीरें लगा दी थी। उस पर अक्सर टालीवुड की खबर, फिल्म से संबधित पोस्ट करता था। युवक/युवतियों को फ्रेन्ड रिक्वेस्ट भेजता था।


थोड़े ही दिनों में उसके ढेरो सारे फ्रेन्ड हो गए। कुछ उससे फिल्म में काम मांगने लगे तो कुछ मिलने और दोस्ती बढ़ाने की गुहार लगाने लगे। बीच में सत्यब्रत ने एक पोस्ट किया कि आर्टिस्ट फोरम ने नए लोगों को मौका देने के लिए एक विशेष योजना बनाई है। इसके लिए ऑडिशन लिया जाएगा। उसके बाद बड़ी संख्या में युवक/युवतियों ने आवेदन किया। इसके बाद उनसे रुपए वसूलने लगा।

किसी से १० तो किसी से १५ हजार लिए
सत्यब्रत ने किसी से 10 हजार तो किसी से 15 हजार रुपए लिए। जब भास्कर बंद्योपाध्याय को इस बारे में पता चला तो उन्होंने अपने फेसबुक पर पोस्ट किया कि कोई उनके नाम का नकली प्रोपाइल बना कर युवक/युवतियों से ठगी कर रहा है। कोई उसके झांसे में न आएं। फिर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।


लैपटॉप, मोबाइल फोन और सिमकार्ड जब्त
सत्यब्रत के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन और कई सिमकार्ड जब्त किए गए हैं। पुलिस सत्यब्रत से पूछताछ कर रही है। यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने कितने लोगों से कितने रुपए की ठगी की है। जब्त किए लैपटॉप, मोबाइल फोन और कई सिमकार्ड की जांच की जा रही है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो