कोलकाता

मालदह में गंगा का कटाव, 2 गांव को खाली कराया

जंजालीटोला और नया बिलाईमारी गांव के अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा है।

कोलकाताSep 09, 2018 / 10:25 pm

Ashutosh Kumar Singh

मालदह में गंगा का कटाव, 2 गांव को खाली कराया

कोलकाता
मालदह जिले जिले रतुआ ब्लॉक-1 में गंगा नदी का कटाव शुरू हो गया है। जंजालीटोला और नया बिलाईमारी गांव के अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा है। गंगा नदी में आए उफान को देखते हुए इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया है। गांव के आधे लोगों को रविवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया। बाकी लोगों को आपदा से निपटने के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। जिला प्रशासन के अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं। ब्लॉक डेवलपमेंट अफसर अर्जुन पाल ने बताया कि दोनों गांव की आबादी लगभग 2000 है।

गोली गलने से घायल मासूम को लाया कोलकाता
एसएसकेएम: डॉक्टरों पर भर्ती लेने में आनाकानी का आरोप

कोलकाता

पंचायत बोर्ड गठन को लेकर पिछले महीने मालदह जिले के मानिकचक इलाके में गोली लगने से घायल ३ वर्षीय बच्चे को इलाज के लिए रविवार को कोलकाता लाया गया। उसे एसएसकेएम अस्पताल के एलएक्स वार्ड में भर्ती किया गया है। बच्चे की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उसे असहनीय दर्द हो रहा है। परिजन बेहद चिंतित हैं। मासूम बच्चा भाजपा की पंचायत सदस्य पुतुल मंडल का बेटा है। बच्चे के परिजनों ने एसएसकेएम के डॉक्टरों पर भर्ती लेने में आनाकानी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सुबह जब वे बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे तो उन्हें बांगुर अस्पताल में जाने को कहा गया। वहां गए तो फिर एसएसकेएम अस्पताल जाने को कहा गया। जब वे दुबारा एसएसकेएम अस्पताल पहुंचे तो काफी देर तक बच्चे को बिना चिकित्सा इमरजेन्सी विभाग में रखा गया। फिर सीटी स्कैन कराने को कहा गया। अंतत: एलएक्स वार्ड में भर्ती किया गया।
गत 30 अगस्त को मानिकचक पंचायत में बोर्ड गठन के दिन वोटिंग में पुतुल मंडल ने क्रॉस वोटिंग की थी। पुतुल ने तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में वोट डाला था। मानिकचक पंचायत की कुल 18 सीटों में से 10 सीट पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी। 6 सीट तृणमूल कांग्रेस और 1-1 सीट कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी की झोली में गई थी। वोटिंग के दौरान भाजपा प्रत्याशी को 9 वोट ही मिले। इससे गुस्सा कर कथित भाजपा समर्थकों ने पुतुल के घर पर हमला कर दिया था। हमलावरों की ओर से की गई अंधाधुंध फायरिंग में मासूम बच्चा घायल हो गया था। उसके सिर में गोली लग गई थी। अब तक मालदह मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा था।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.