लूटपाट की नहीं जनहित की सरकार चाहिए: येचुरी
कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में माकपा, कांग्रेस व नवगठित आईएसएफ महागठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने रविवार को मोदी और ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दोनों सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि हमें न तो लूटपाट की सरकार चाहिए और न ही जात-पात की, हमें जनहित की सरकार चाहिए।

महागठबंधन की महारैली में माकपा महासचिव की हुंकार
बोले, बंगाल में माकपा-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बननी तय
त्रिशंकु विधानसभा होने पर भाजपा से हाथ मिला लेंगी ममता
कोलकाता. कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में माकपा, कांग्रेस व नवगठित आईएसएफ महागठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने रविवार को मोदी और ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दोनों सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि हमें न तो लूटपाट की सरकार चाहिए और न ही जात-पात की, हमें जनहित की सरकार चाहिए। येचुरी ने कहा कि महारैली में उमड़ी भीड़ को देखकर यह निश्चित है कि बंगाल में परिवर्तन आने वाला है। इस बार हर हाल में बंगाल में माकपा-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बननी तय है।
उन्होंने कहा कि किसान दिल्ली में मोदी सरकार से लड़ रहे हैं और हमारा गठबंधन यहां तृणमूल और भाजपा से लड़ेगा। भाजपा और तृणमूल एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। येचुरी ने यह भी दावा किया कि बंगाल में त्रिशंकु विधानसभा होने पर तृणमूल और भाजपा आपस में मिल जाएंगी। अतीत में दोनों कई बार ऐसा कर चुके हैं। टीएमसी पर हमला बोलते हुए येचुरी ने कहा कि बंगाल में भाजपा को आने की सहूलियत तृणमूल ने दी है। ममता बनर्जी ने अपनी कुर्सी बचाने के लिए भाजपा के साथ समझौता किया और फिर करेंगी। यही उनका चरित्र है। एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाना और हिंसा का वातावरण पैदा करना इनका उद्देश्य है।
--
बेचा जा रहा पूरी व्यवस्था को
लाखों लोगों की भीड़ को संबोधित करते हुए येचुरी ने कहा कि किसानों ने अपने अधिकार की लड़ाई के लिए संयुक्त मोर्चा बनाया है और हम बंगाल में ममता और मोदी के खिलाफ बंगाल संयुक्त मोर्चा बनाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी व्यवस्था को बेचा जा रहा है। कितने वादे किए। हालत क्या हैं देश के नौजवानों की? बेरोजगारी बड़े पैमाने पर बढ़ रही है। महागठबंधन ने इस रैली में लगभग दस लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया।
--
मोदी और शाह पर बरसे
येचुरी ने कहा कि भाजपा ऐसे कानून लाई है कि इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम पर वे लाखों करोड़ों रुपए इक_ा कर रहे हैं। यह पैसा कौन दे रहा है इसका कोई हिसाब नहीं है। उन्होंने कोरोना के नाम पर एक निजी फंड खोल रखा है वहां भी पैसे इक_े किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते हैं और पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने नाम से गुजरात में एक क्रिकेट स्टेडियम बना लिया है। वे वंशवाद के खिलाफ बोलते हैं और गृह मंत्री अमित शाह के सुपुत्र जय शाह वहां के क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। ये लोग भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं।
--
नफरत की राजनीति कर रही भाजपा: भूपेश बघेल
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री कुछ दिन पहले दाढ़ी बढ़ाकर बंगाल आए थे और पराक्रम दिवस मनाया था लेकिन, उन्हें मालूम नहीं है कि जिस समय सुभाष चंद्र बोस आजाद हिंद फौज का गठन कर रहे थे, उस समय उनके वीर सावरकर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंग्रेजी की फौज में भर्तियां करा रहे थे। आप (पीएम मोदी) नेताजी के उत्तराधिकारी नहीं हैं। नेताजी के उत्तराधिकारी हम हैं। बोस ने कहा था कि साम्प्रदायिक ताकतों को बंगाल में घुसने नहीं देंगे। भाजपा देश में नफरत की राजनीति कर रही है। बघेल ने कहा कि मोदी ने कहा था कि वे देश को बिकने नहीं देंगे लेकिन रेलवे, एयरपोर्ट, सार्वजनिक उपक्रमों को एक-एक कर बेचते जा रहे हैं।
--
महागठबंधन तृणमूल कांग्रेस, भाजपा को हराएगा: अधीर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने रविवार को दावा किया कि वाम-कांग्रेस और अन्य धर्मनिरपेक्ष ताकतों का महागठबंधन पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों को हराएगा। यहां ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित एक संयुक्त रैली को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों के एकत्रित होने से साबित होता है कि आगामी चुनाव दो-कोणीय नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस चाहती हैं कि इन दोनों दलों के अलावा राज्य में कोई अन्य राजनीतिक ताकत मौजूद न हो, जो उनके रास्ते में आए। उन्होंने कहा कि भविष्य में, भाजपा या तृणमूल कांग्रेस कोई नहीं होगा, केवल महागठबंधन रहेगा।
अब पाइए अपने शहर ( Kolkata News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज