scriptभाजपा बोली, अब क्या प्रचार के लिए इमरान को बुलाएंगी ममता | Imran Khan to call for promotion now | Patrika News

भाजपा बोली, अब क्या प्रचार के लिए इमरान को बुलाएंगी ममता

locationकोलकाताPublished: Apr 21, 2019 03:50:55 pm

Submitted by:

Rabindra Rai

इस राज्य में चुनाव में जीत हासिल करने के लिए हर हथकंडे अपनाए जा रहे हैं

kolkata

इस सीएम ने लांघी सीमा

कोलकाता. इस राज्य में चुनाव में जीत हासिल करने के लिए हर हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। हर वो मुद्दे उठाए जा रहे हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को अपने पाले में किया जा सके। प्रचार के लिए दिग्गज तो दिग्गज नेता, फिल्मी सितारों को भी जमीन पर उतारा जा रहा है। हद तो तब हो गई जब कुछ लोकसभा क्षेत्रों में बाजी अपने नाम करने के लिए दूसरे देश के नागरिकों की मदद ली जा रही है। बांग्लादेश के दो लोकप्रिय अभिनेता फिरदौस अहमद और गाजी अबदून नूर के राज्य में प्रचार करने का मामला सामने आया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस मामले में सख्ती बरतते हुए फिरदौस का वीजा रद्द कर दिया है। साथ ही उन्हें फौरन देश छोडऩे के लिए भी कहा गया है। इस कलाकार को ब्लैक लिस्ट भी कर दिया गया है। हालांकि फिरदौस अपने आप ही भारत छोड़कर अपने देश जा चुके हैं।
फिरदौस अहमद पर रायगंज के तृणमूल प्रत्याशी कन्हैया लाल अग्रवाल के समर्थन में और गाजी अबदून नूर पर दमदम के तृणमूल प्रत्याशी सौगत राय के समर्थन में प्रचार करने का आरोप है।
चुनाव प्रचार में बांग्लादेशी कलाकारों के शामिल होने की खबरें आने पर गृह मंत्रालय ने विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय से रिपोर्ट मांगी थी। पूछा गया था कि क्या उनके चुनाव प्रचार में शामिल होने से वीजा नियमों का उल्लंघन हुआ। कार्यालय की रिपोर्ट के बाद ही फिरदौस को देश से बाहर निकलने का फरमान जारी किया गया।
रविवार को बांग्लादेश के लोकप्रिय कलाकार फिरदौस तृणमूल का प्रचार करते हुए नजर आए थे। इसके बाद गाजी अबदून नूर दमदम लोकसभा सीट से तृणमूल उम्मीदवार सौगत राय के लिए प्रचार करते दिखे। 71 साल के राय साल 2009 से पार्टी के सांसद हैं। उनके प्रचार में बांग्लादेशी कलाकार की मौजूदगी ने हर किसी को हैरान कर दिया है।
चुनाव प्रचार के लिए बांग्लादेशी कलाकारों के पश्चिम बंगाल पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी ने आपत्ति जताई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा है कि एक राजनीतिक दल कैसे एक विदेशी नागरिकता वाले शख्स (फिरदौस) को अपने चुनावी रोड शो के लिए बुला सकता है। मैंने इससे पहले ऐसा कभी नहीं सुना था। ऐसा लगता है कि पार्टी के लिए कोई भारतीय कलाकार नहीं मिला था। कल ममता बनर्जी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को पार्टी का प्रचार करने के लिए बुला लेंगी।

ट्रेंडिंग वीडियो