scriptआत्मरक्षा के गुर | kolkata: Self defense tricks | Patrika News

आत्मरक्षा के गुर

locationकोलकाताPublished: Aug 31, 2018 10:42:18 pm

Submitted by:

Rabindra Rai

कोलकाता प्रसंगवश

kolkata west bengal

आत्मरक्षा के गुर

कोलकाता पुलिस के बाद विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट ने युवतियों तथा महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने का फैसला किया है। पुलिस के इस सामाजिक विकास कार्यक्रम की जितनी प्रशंसा की जाए कम होगी, क्योंकि आजकल राह चलते महिलाओं से छेड़छाड़, बदसलूकी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध तथा मनचलों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए विधाननगर पुलिस जल्द ही कार्यशाला और कक्षाएं आयोजित करेगी। लगभग चार महीने तक महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे, पहले सप्ताह में एक दिन कक्षा चलेगी, बाद में इच्छुक महिलाओं के चाहने पर सप्ताह में दो दिन भी कक्षा चल सकती है। इसमें २० से लेकर ४५ साल की महिलाओं, छात्राओं, कामकाजी महिलाओं को कराटे, जूडो आदि की ट्रेनिंग दी जाएगी। साल्टलेक स्टेडियम के प्लाजा आर में सुकन्या परियोजना के तहत महिलाओं को नि:शुल्क सुविधा मुहैया कराई जाएगी। इच्छुक महिलाएं विधाननगर सिटी पुलिस की बेवसाइट से फॉर्म डाउनलोड कर सकती हैं। पूरी तरह फॉर्म भरने के बाद महिलाएं या तो सिटी पुलिस को ई मेल कर सकती हैं अथवा नजदीकी पुलिस थाना के यहां ७ सितम्बर तक फॉर्म जमा कर सकती हैं। विधाननगर कमिश्नेरट के अन्तर्गत साल्टलेक, न्यूटाउन, बागुआईटी आदि इलाके की महिलाएं इसमें भाग ले सकती हैं। नियमित मार्शल आर्ट विशेषज्ञों के अलावा पुलिस कमांडो महिलाओं को ट्रेनिंग देंगे। कार्यशाला में महिलाओं को न केवल मानसिक रूप से सशक्त किया जाएगा बल्कि उनको शारीरिक रूप से भी दक्ष बनाया जाएगा।
साल्टलेक इलाके में हाल के दिनों में महिलाओं के खिलाफ अपराध की कई घटनाएं सामने आई हैं। गत मई महीने में एक रिक्शाचालक ने एक महिला से न केवल बदसलूकी की, बल्कि धमकी भी दी, जबकि महिला का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने रिक्शाचालक से पूछा था कि इतना किराया क्यों? फिर जून में वीआईपी रोड इलाके के पातीपुकुर में एक पूर्व राष्ट्रीय शूटर चैम्पियन से छेड़छाड़ की गई। इन दोनों घटनाओं ने इलाके में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवालिया निशान लगाया था। इन सबसे सबक लेते हुए विधाननगर पुलिस ने अब अपराध पर जड़ से ही वार करने का मन बनाया है।
इससे पहले कोलकाता पुलिस ने तेजस्विनी नामक इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया था। उनका उत्साह देखते ही बनता था। कइयों ने खासकर कामकाजी महिलाओं तथा छात्राओं ने कहा था कि इस तरह के कार्यक्रम से उन्हें काफी फायदा पहुंचा है। आमतौर पर कई महिलाओं को आत्मरक्षा के उपाय नहीं मालूम हैं। जब भी वे इस तरह के संकट में फंसती हैं, उनको समझ में नहीं आता कि क्या सुरक्षा उपाय करने चाहिए। वे आसानी से मनचलों तथा अन्य की शिकार बन जाती हैं, लेकिन जो महिलाएं आत्मरक्षा की मूल जानकारी रखती हैं वो अपने बेहतर तरीके से बचाव कर सकती हैं। ऐसे में विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के इस अभियान से अब इलाके की महिलाओं को जुडऩा चाहिए। महिलाओं को बढ़-चढ़कर इसमें हिस्सा लेना चाहिए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो