scriptसियालदह में लोकल ट्रेनों में भिड़ंत, कोई हताहत नहीं | Local trains collide in Sealdah, no casualties | Patrika News

सियालदह में लोकल ट्रेनों में भिड़ंत, कोई हताहत नहीं

locationकोलकाताPublished: Nov 30, 2022 11:44:46 pm

Submitted by:

Rabindra Rai

सियालदह के रेलवे यार्ड में बुधवार की दोपहर दो लोकल ट्रेनों में भिड़त हो गई। घटना में किसी के हताहत होने का समाचार नहीं है। दुर्घटना के कारण उपनगरीय सेवाओं पर खासा असर पड़ा। डेढ़ दो घंटे तक उपनगरीय सेवाएं ठप पड़ी रहीं।

सियालदह में लोकल ट्रेनों में भिड़ंत, कोई हताहत नहीं

सियालदह में लोकल ट्रेनों में भिड़ंत, कोई हताहत नहीं

घंटों सेवा प्रभावित, मामले की जांच के आदेश
यात्रियों को सामना करना पड़ा खासी दिक्कतों का
कोलकाता. सियालदह के रेलवे यार्ड में बुधवार की दोपहर दो लोकल ट्रेनों में भिड़त हो गई। घटना में किसी के हताहत होने का समाचार नहीं है। दुर्घटना के कारण उपनगरीय सेवाओं पर खासा असर पड़ा। डेढ़ दो घंटे तक उपनगरीय सेवाएं ठप पड़ी रहीं। यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मामले की जानकारी पाकर रेलवे के उच्चाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पूर्व रेलवे के प्रवक्ता एकलव्य चक्रवर्ती ने कहा कि घटना में खाली ट्रेन के चालक का कक्ष आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

एक खाली दूसरी यात्रियों से भरी
मिली जानकारी के मुताबिक एक खाली लोकल ट्रेन का रेक सियालदह स्टेशन से कारशेड की ओर जा रहा था वहीं दूसरी लाइन पर यात्रियों से खचाखच भरी रानाघाट लोकल आ रही थी। यार्ड में दोनों ही ट्रेनो की गति धीमी थी। अचानक रानाघाट लोकल का पहिया पटरियों से नीचे उतर गया। उसके बाद रानाघाट लोकल और कारशेड जा रही लोकल के बीच भिडंत हो गई। गति धीमी होने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ। शुरुआती जांच में पता चला है कि यात्रिक गड़बड़ी के कारण दुर्घटना हुई है।

मेन लाइन पर ठप हुई सेवा
दुर्घटना के बाद सियालदह मेन लाइन पर उपनगरीय ट्रेनों की कतार लग गई। उल्टाडांगा से लेकर बैरकपुर के बीच तक कई ट्रेनें स्टेशनों में ही खड़ी हो गईं। इधर जरूरी काम से सियालदह आ रहे यात्री आधे एक घंटे तक इंतजार करने के बाद पटरियां पकड़ कर सियालदह की ओर बढऩे लगे। उल्टाडांगा से सियालदह के बीच यात्रियों के पटरी पर आने से दुर्घटना की आशंका भी पैदा हो गई। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को पटरियों पर तैनात किया गया।

दोपहर दो बजे के बाद हालत सुधरी
दोपहर दो बजे तक यातायात ठप रहने के बाद रेल सेवा शुरू हुई। दुर्घटनाग्रस्त लोकल को पटरियों से हटाकर शेड में ले जाया गया। रेलवे की जांच टीम ने जांच शुरू की। इस दौरान कई लोकल ट्रेनें रद्द करनी पड़ी।

कारशेडगामी लोकल का ड्राइवर निलंबित
दुर्घटना की प्रारंभिक जांच के बाद रेलवे ने कारशेडगामी खाली लोकल के ड्राइवर को निलंबित कर दिया है। शुरुआत में दुर्घटना को सिग्नल व्यवस्था से जोड़ कर देखा जा रहा था। जांच में सामने आया कि कारशेड जा रही खाली रेक के ड्राइवर ने तय जगह पर गाड़ी नहीं रोकी जिसके कारण दुर्घटना हो गई। निलंबित ड्राइवर की मेडिकल जांच कराई गई है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो