scriptLS Poll 2019: बंगाल में नहीं थमी हिंसा, फिर भाजपा कार्यकर्ता की हत्या | LS Poll 2019: Again BJP worker Killed in Bengal | Patrika News

LS Poll 2019: बंगाल में नहीं थमी हिंसा, फिर भाजपा कार्यकर्ता की हत्या

locationकोलकाताPublished: May 27, 2019 11:19:22 pm

– भाजपा का आरोप तृणमूल समर्थकों ने की है हत्या- पुलिस का दावा अवैध प्रेम संबंध हत्या का कारण

kolkata west bengal

LS Poll 2019: बंगाल में नहीं थमी हिंसा, फिर भाजपा कार्यकर्ता की हत्या

कोलकाता.

पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद भी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। उत्तर २४ परगना जिले के भाटपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में रविवार की रात अश्रात हमलावरों ने भाजपा के एक कार्यकर्ता की हत्या कर दी। मृतक की पहचान चंदन साह के रूप में हुई है। वह कांकीनाड़ा इलाके का निवासी था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार चंदन पर रविवार की रात अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाई। फिर बम फेंके। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसका दम टूट गया।
पुलिस को वारदात के पीछे अवैध प्रेम संबंध का संदेह है। पुलिस ने मामले में संदेह के आधार पर चंदन की प्रेमिका और उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चंदन का एक शादीशुदा महिला के साथ प्रेम संबंध था। इसे लेकर उक्त महिला और उसके पति के बीच अक्सर झगड़ा होता था। फिर दोनों ने षडय़ंत्र रचकर चंदन की हत्या करा दी। चंदन के मोबाइल पर अंतिम कॉल भी बंदना का ही था। दोनों से पूछताछ जारी है। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि भाड़े के हत्यारों से चंदन की हत्या कराई गई है।
हालांकि जिला भाजपा इकाई पुलिस के बयान से सहमत नहीं है। नवनिर्वाचित भाजपा सांसद अर्जुन सिंह का आरोप है कि चंदन की हत्या तृणमूल समर्थकों ने की है। तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने आरोप को झूठा बताया है। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त है। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग के समर्थन में भाजपा समर्थकों थाने का घेराव किया। पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव 2019 के मतगणना के बाद राज्य में हत्या का यह दूसरा मामला है। इससे पहले शुक्रवार की रात नदिया जिले के चाकदह इलाके में अपराधियों ने भाजपा के एक कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान संतू घोष के रूप में हुई थी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो