scriptगोरखालैण्ड पर रुख स्पष्ट करें ममता-दिलीप घोष | Mamta-Dilip Ghosh explain the stand on Gorkhaland | Patrika News
कोलकाता

गोरखालैण्ड पर रुख स्पष्ट करें ममता-दिलीप घोष

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने मुख्मंत्री ममता बनर्जी से गोरखालैंड के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है

कोलकाताOct 16, 2017 / 10:40 pm

शंकर शर्मा

dilip ghosh, matma banerjee

कोलकाता. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने मुख्मंत्री ममता बनर्जी से गोरखालैंड के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है। पूर्व मिदनापुर के खडग़पुर में रविवार को आयोजित सभा के बाद उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के नेता और मुख्यमंत्री बार-बार भाजपा पर गोरखालैण्ड अलग राज्य का समर्थन करने और पश्चिम बंगाल का विभाजन करने का आरोप लगा रही हैं।

भाजपा ने कभी नहीं कहा कि वह गोरखालैण्ड के समर्थन में है। छोटे राज्यों के पक्ष में होने के बावजूद छोटा क्षेत्र होने के कारण भाजपा गोरखालैण्ड को अलग राज्य बनाने के पक्ष में नहीं है। हम बंगाल के विभाजन के पक्ष में नहीं है। पार्टी पहाड़ पर राजनीतिक कब्जा जमाने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किए जाने और अलोकतांत्रिक तरीके से गोजमुमो प्रमुख विमल गुरुंग और पार्टी के दूसरे नेताओं के साथ किए जा रहे व्यवहार का विरोध कर रही है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पहाड़ पर जा कर ममता बनर्जी ने कभी स्पष्ट शब्दों में नहीं कहा कि वे गोरखालैण्ड अलग राज्य का विरोध करती हैं।


पहले ममता बनर्जी स्पष्ट करें कि वे गोखालैण्ड के विरोध में है या समर्थन में। घोष ने कहा कि जिस विनय तमांग का ममता बनर्जी समर्थन कर रही हैं, उन्होंने ये बात कभी नहीं कही कि वे गोरखालैण्ड अलग राज्य की मांग छोड़ रहे हैं। विनय तमांग और ममता बनर्जी दोनों पहाड़ सहित बंगाल के लोगों को धोखा दे रहे हैं।


दार्जिलिंग अग्निकांड के पीछे गोजमुमो -पर्यटन मंत्री
राज्य के पर्यटन मंत्री गौतम देव ने आगजनी के पीछे विमल गुरुंग समर्थकों का हाथ होने का आरोप लगाया। आगजनी की घटना की कड़ी निंदा करते हुए गौतम देव ने कहा कि गुरुंग पहाड़ पर फिर से आंतक फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को घटना की जांच कर इसकी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।


समय पर नहीं पहुंचे दमकल कर्मी
दूसरी ओर मौके पर पहुंचे दमकल अधिकारियों ने बताया कि शनिवार रात आग लगने की खबर मिलने के बाद वे लोग फौरन वहां के लिए रवाना हो गये, पर मौके पर सुरक्षाकर्मियों के अभाव में वे तत्काल वहां नहीं पहुंच पाए। दमकल कर्मी मौके पर करीब सुबह करीब तीन बजे पहुंचे। तब तक चारों मकान पूरी तरह जल कर राख हो गए थे। आग लगने के समय मकान में कोई व्यक्ति नहीं था। इस कारण हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो