ममता के सामने चेयरमैन चुनना चुनौती
नगर पालिका चुनावों में बम्पर जीत के बाद बेशक तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की राज्य की सत्ता पर पकड़ बढ़ी है, पर उनके सामने पालिका चेयरमैन चुनने को लेकर मुश्किलें भी रहेंगी। नगर पालिकाओं में चेयरमैन पद के लिए कई नेताओं ने दावेदारी जताई है। पद नहीं मिलने पर पार्टी में नए सिरे से गुटबाजी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। मंत्री और संगठन के नेता अपने परिजनों और रिश्तेदारों के लिए जबर्दस्त लॉबिंग कर रहे हैं।
कोलकाता
Updated: March 04, 2022 11:22:07 pm
मंत्री और संगठन के नेताओं की रिश्तेदारों के लिए लॉबिंग
103 नगर पालिकाओं में कई नेताओं की दावेदारी
पद नहीं मिलने पर पार्टी में गुटबाजी की आशंका
रवीन्द्र राय
कोलकाता. नगर पालिका चुनावों में बम्पर जीत के बाद बेशक तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की राज्य की सत्ता पर पकड़ बढ़ी है, पर उनके सामने पालिका चेयरमैन चुनने को लेकर मुश्किलें भी रहेंगी। नगर पालिकाओं में चेयरमैन पद के लिए कई नेताओं ने दावेदारी जताई है। पद नहीं मिलने पर पार्टी में नए सिरे से गुटबाजी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। मंत्री और संगठन के नेता अपने परिजनों और रिश्तेदारों के लिए जबर्दस्त लॉबिंग कर रहे हैं। राज्य की 108 नगरपालिकाओं में से तृणमूल ने 103 में लगभग एकतरफा जीत हासिल की है। पार्टी ने 33 पालिकाओं में तो विपक्ष का सूपड़ा ही साफ कर दिया है।
--
मुकुल की मांग ठुकराई
तृणमूल के सूत्रों के मुताबिक दक्षिण से लेकर उत्तर बंगाल में चेयरमैन पद को लेकर पार्टी में सुगबुगाहट तेज हो गई है। भाजपा के टिकट पर जीतकर तृणमूल में शामिल हुए मुकुल रॉय कांचरापाड़ा नगरपालिका के चेयरमैन पद के लिए अपने बेटे सुभ्रांशु रॉय के लिए जोरदार पैरवी कर रहे थे। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने उनकी मांग ठुकरा दी है। यहां कमल अधिकारी रेस में आगे हैं। हालीशहर में राजू साहनी प्रबल दावेदार बताए जा रहे हैं।
--
मंत्री गिरि के पुत्र को कमान संभव
पिछले चार दशकों से पूर्व मिदनापुर के कांथी और कंटाई में अधिकारी परिवार के दबदबे के खात्मे के बाद राज्य के मत्स्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अखिल गिरि के पुत्र सुप्रकाश गिरी को कंटाई की बागडोर सौंपी जा सकती है।
--
घोष और गुहा आमने-सामने
उत्तर बंगाल की कूचबिहार नगरपालिका में पार्टी के सामने पूर्व मंत्री रवींद्रनाथ घोष और दिनहाटा के विधायक उदयन गुहा बड़े दावेदार हैं। रेस से जो भी बाहर होगा वो पार्टी के शक्ति संतुलन को बिगाड़ सकता है।
--
भाटपाड़ा में आठ दावेदार
भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के गढ़ उत्तर 24 परगना जिले की भाटपाड़ा नपा में चेयरमैन पद के लिए आठ दावेदार बताए जा रहे हैं। सत्तारूढ़ दल ने यहां 35 में से 33 वार्ड जीते हैं। यहां सत्ता संघर्ष हो सकता है। तृणमूल कार्यालय में दो गुटों के बीच झड़प तथा तोडफ़ोड़ इसके सबूत हैं। टीटागढ़ में भी दो दावेदार बताए जा रहे हैं।
--
पार्टी नेता ने मानी समस्याएं
तृणमूल के एक वरिष्ठ नेता ने माना कि चेयरमैन पद को लेकर पार्टी के सामने कुछ समस्याएं हैं। चुनावों पर भारी खर्च कर जीतने के बाद हर कोई पद पाना चाहता है। पद नहीं पाने वाले नेता नाराज हो सकते हैं। वे पार्टी में गुटबाजी को बढ़ावा दे सकते हैं।

ममता के सामने चेयरमैन चुनना चुनौती
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
