कोलकाता

गोली मारकर की गई वृद्ध व्यवसायी की हत्या

– उत्तर दिनाजपुर जिले के गोआलपोखर थाना क्षेत्र के गेरूआ गांव में हाट से लौट रहे एक वृद्ध व्यवसाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक का नाम नित्यगोपाल बाला (65) है।

कोलकाताDec 17, 2018 / 03:31 pm

Jyoti Dubey

गोली मारकर की गई वृद्ध व्यवसायी की हत्या

कोलकाता. उत्तर दिनाजपुर जिले के गोआलपोखर थाना क्षेत्र के गेरूआ गांव में हाट से लौट रहे एक वृद्ध व्यवसाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक का नाम नित्यगोपाल बाला (65) है। वह पास के ही लाधी गांव के रहने वाले थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार पेशे से सब्जी व्यवसाई वृद्ध रोजाना की तरह शनिवार की सुबह भी गांव से सटे चाकुलिया हाट में सब्जियां बेचने गए हुए थे। शाम को हाट खत्म होने के बाद जब वे अपने घर लौट रहे थे, तभी बीच रास्ते में गेरूआ गांव के समीप कुछ अपराधियों ने उनका रास्ता रोक लिया और उन्हें निशाना बनाते हुए 3-4 गोलियां चला दी। उसमें से एक गोली उनके पेट पर लगी और वे वहीं अचेत होकर गिर पड़े। गोलियों की आवाज सुनते ही जब आस-पास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, तो उन्होंने वृद्ध को रक्त रंजित हालत में वहां पड़ा देखा। हमलावर तब तक वहां से फरार हो चुके थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। खबर पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता के साथ घायल वृद्ध को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज चलने के दौरान देर रात ही उनकी मौत हो गई। वृद्ध पर गोली किसने और क्यों चलाई ? इसका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस को संदेह है कि आपसी रंजिश की वजह से इस घटना को अंजाम दिया गया है। लेकिन उनके परिजनों का कहना है कि उनका किसी के साथ कोई विवाद नहीं था। परिवार हो या बाजार हर जगह लोग उन्हें बहुत मान-सम्मान देते थे।

Home / Kolkata / गोली मारकर की गई वृद्ध व्यवसायी की हत्या

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.