scriptअत्याधुनिक उपकरणों से लैस होंगे पुलिसकर्मी | Policemen will be equipped with sophisticated equipment | Patrika News

अत्याधुनिक उपकरणों से लैस होंगे पुलिसकर्मी

locationकोलकाताPublished: Nov 27, 2020 08:03:12 pm

Submitted by:

Rajendra Vyas

– विधानसभा चुनाव से पहले व्यवस्था होगी दुरुस्त

अत्याधुनिक उपकरणों से लैस होंगे पुलिसकर्मी

अत्याधुनिक उपकरणों से लैस होंगे पुलिसकर्मी

कृष्णदास पार्थ
कोलकाता . पश्चिम बंगाल में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव पर पूरे देश की नजर रहेगी। सरकार चुनाव से पहले राज्य पुलिस की काया सुधारने में जुट गई है। इसके लिए 20 करोड़ रुपए पारित किए गए हैं। राज्य पुलिस कर्मियों को अत्याधुनिक उपकरणों से लैस करने के लिए राज्य सचिवालय नवान्न से भी हरी झंडी दे दी गई है। कुछ औपचारिकता पूरी करने के बाद जल्द ही इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
गृह विभाग के सूत्रों के अनुसार, पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 1035 बुलेट प्रूफ जैकेट, 565 बुलेट प्रतिरोधी हेलमेट, 40 नाइट विजन गॉगल्स, 30 बुलेट रेसिस्टेंट वेस्ट खरीदे जाएंगे। इन सभी उपकरणों को मुख्य रूप से राज्य सशस्त्र पुलिस बल के उपयोग के लिए खरीदा जा रहा है।
ट्रैफिक सिस्टम की गुणवत्ता बढ़ेगी
राज्य सरकार ने ट्रैफिक सिस्टम की गुणवत्ता को भी सुधारने की योजना बनाई है। इसके तहत कई उपकरण खरीदे जा रहे हैं। इसमें रडार स्पीड गन, स्प्रिंग पोस्ट और सांस विश्लेषक उपकरण प्रमुख है। इन सभी उपकरणों को केंद्रीय गृह मंत्रालय की एमपीएफ योजना और पुलिस की आधुनिकीकरण परियोजना के तहत खरीदा जा रहा है। राज्य पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वाहनों पर निगरानी बढ़ाने के लिए रडार स्पीड गन खरीदी जाएगी। निर्धारित गति से अधिक तेज वाहन चलाने पर इस उपकरण की मदद से उसे पकड़ा जा सकता है। क्योंकि इससे उस वाहन की पहचान आसानी से हो जाएगी। पुलिस का काम इससे काफी आसान हो जाएगा।
पुलिसकर्मियों की सुरक्षा प्रमुख उद्देश्य
राज्य गृह विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, चुनाव से पहले और चुनाव के दौरान हिंसा को रोकने के लिए पुलिस को काफी परिश्रम करना पड़ता है। इस दौरान पुलिस को भी टार्गेट कर लोग हमला करते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए ही पुलिस की सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से ही उन्हें अत्याधुनिक बुलेट प्रूफ जैकेट व हेलमेट प्रदान किए जाएंगे जिससे वे निडर हो अपराधियों का सामना कर सकें। ऐसा देखा गया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जब पुलिसकर्मी घटनास्थल पर जाते हैं, तो उन्हें भी गोली मार दी जाती है। जिसमें कई पुलिसकर्मी शहीद हो जाते हैं। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए ही बड़े आकार की बुलेट प्रूफ जैकेट जवानों को मुहैया कराया जाएगा जिसका वजन औसतन 7.8 से 9.4 किलोग्राम होगा। इस तरह की जैकेट की विशेषता यह है कि पांच मीटर की दूरी से भी पिस्टल शॉट्स को इंटरसेप्ट करने में यह सक्षम है। यहां तक कि अगर 10 मीटर की दूरी से राइफल से भी कोई टार्गेट करे, तो भी पुलिसकर्मियों को कुछ नुकसान नहीं होगा। रात में दूरदराज के क्षेत्रों में अभियानों को सुविधाजनक बनाने के लिए नाइट विजन डिवाइस या चश्मे खरीदे जा रहे हैं। इसकी मदद से रात में कम रोशनी या अंधेरे में भी देखा जा सकता है। इसकी प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए सीएफएसएल में सामग्री का परीक्षण भी किया जाएगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो