scriptअब 62 साल पर रिटायर होंगे प्रोफेसर | professor retirement age increased to 62 yrs. | Patrika News

अब 62 साल पर रिटायर होंगे प्रोफेसर

locationकोलकाताPublished: Jan 07, 2017 10:10:00 pm

Submitted by:

Paritosh Dube

राज्य के कॉलेज और विश्वविद्यालयों के प्रोफेसर अब 62 साल की उम्र में सेवानिवृत्त होंगे।

west bengal

west bengal

कोलकाता. राज्य के कॉलेज और विश्वविद्यालयों के प्रोफेसर अब 62 साल की उम्र में सेवानिवृत्त होंगे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को उच्च शिक्षा के अध्यापकों के सम्मेलन में यह घोषणा की। इससे राज्य के करीब 13000 अध्यापकों को फायदा पहुंचेगा। कॉलेज एवं विवि. के अंशकालिक, अनुबंध और अतिथि अध्यापकों पर यह लागू नहीं होगा। पहले इनकी सेवानिवृत्ति की उम्र 60 वर्ष थी। नेताजी इंडोर स्टेडियम में सम्मेलन को संबोधित करते ममता ने कहा कि राज्य सरकार शांतिनिकेतन में विश्वभारती विश्वविद्यालय की तर्ज पर विश्व बांग्ला नामक एक नया विवि. की स्थापना करेगी। इसके लिए जमीन की पहचान कर ली गई है। विश्वभारती विवि. से इसकी दूरी महज 3 मिनट की होगी।

विशेष स्वास्थ्य बीमा योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि अध्यापक जीवन में रिटायर नाम की कोई चीज नहीं होती। सेवा व शिक्षा बेची नहीं जा सकती। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार एक तरफ जहां शिक्षा का स्तर बढ़ाने पर जोर दे रही है वहीं दूसरी ओर शिक्षाकर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने जा रही है। शिक्षकों के रिक्त पदों पर छह महीने के भीतर नियुक्ति करने की बात उन्होंने कही। अध्यापकों का आह्वान करते हुए ममता ने कहा कि शिक्षा को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए। राज्य सरकार पश्चिम बंगाल को शिक्षा हब के रूप में विकसित करना चाह रही है।

राजनीतिक भेदभाव बर्दाश्त नहीं

उन्होंने सवाल उठाया कि राज्य के विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए क्यों शिकागो जाएंगे? शिकागो को पश्चिम बंगाल आना पड़ेगा। शिक्षा के क्षेत्र में राजनीतिक भेदभाव को वह बर्दाश्त नहीं करेंगी। कॉलेजों में छात्र संसद चुनाव को लेकर हो रही मारपीट पर उन्होंने चिंता जताई। उनके अनुसार छोटी सी बात पर छात्र राजनीति गरमा जाती है। पहले ऐसा नहीं था। उन्होंने कहा कि बंगाल का मस्तिष्क प्रतिभावान का होता है आपराधिक प्रवृत्ति की नहीं होती। बंगाल की मेधा विश्व की मेधा है। ममता ने दावा किया कि उनकी सरकार ने उच्च शिक्षा का बजट वर्ष 2011 में 111.74 करोड़ के मुकाबले वर्ष 2016-17 में 471 करोड़ का पेश किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2011 में सत्ता में आने के बाद से दिसम्बर 2016 तक राज्य सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के लिए 24 विधेयक पारित किए हैं। 46 नए सरकारी कॉलेज तथा 36 विवि. की स्थापना की है।

विदेश भ्रमण व विशेष अवकाश की सुविधा

मुख्यमंत्री ने अध्यापकों के लिए एलटीसी के माध्यम से विदेश भ्रमण की सुविधा तथा शोध करने वाले अध्यापकों के लिए 24 महीने का विशेष अवकाश देने की घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अध्यापक एक साथ 30 दिन से अधिक अवकाश नहीं ले सकेंगे। मुख्यमंत्री ने विवि. के अध्यापकों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना की भी घोषणा की। इस अवसर पर विभागीय मंत्री डॉ. पार्थ चटर्जी, बिजली मंत्री शोभनदेव चट्टोपाध्याय, तकनीक शिक्षा मंत्री असिमा पात्र, आईटी विभाग के मंत्री ब्रात्य बसु के अलावा विभिन्न विवि. के कुलपति उपस्थित रहे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो