कोरोना के चलते सेवा थी बंद पूर्व रेलवे के प्रवक्ता एकलव्य चक्रवर्ती ने कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच यात्री रेल सेवा दो वर्ष पहले कोरोना वायरस संक्रमण के चलते बंद कर दी गई थी। यह सेवा सुबह 7.10 बजे कोलकाता स्टेशन से बंधन एक्सप्रेस के रवाना होने के साथ ही बहाल हो गई। कोलकाता से खुलना के बीच बंधन एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन चलेगी। वहीं, कोलकाता से बांग्लादेश की राजधानी ढाका के लिए मैत्री एक्सप्रेस पांच दिन संचालित होगी।
सेवा बहाल होने से लोग खुश एकलव्य चक्रवर्ती ने कहा कि सीमा के दोनों तरफ के लोग ट्रेन सेवा के बहाल होने से खुश हैं और अगले कुछ दिन के लिए सभी सीटें आरक्षित हो गई हैं। रेल यात्रा ज्यादा सुविधाजनक और यात्रा की अवधि भी ठीक होने के कारण लोग बस या हवाई यात्रा के मुकाबले ट्रेन को ज्यादा तरजीह देते हैं। दोनों ट्रेन की क्षमता लगभग 450 यात्रियों की है। इनमें एसी चेयरकार के अलावा एक्जीक्यूटिव श्रेणी की सीटें भी मौजूद हैं। सफर के दौरान यात्रियों में उत्साह देखा गया।